10 दिसंबर को जयपुर में होगा प्रवासी राजस्थानी दिवस-2026
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जेईसीसी सीतापुरा में जुटेंगे देश-विदेश के प्रवासी राजस्थानी, निवेश, उद्योग, पर्यटन और ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर होगी चर्चा
जयपुर, 12 अक्टूबर। राजस्थान सरकार की ओर से प्रवासी राजस्थानियों को प्रदेश की विकास यात्रा से जोड़ने के उद्देश्य से प्रवासी राजस्थानी दिवस-2026 का आयोजन 10 दिसंबर को जयपुर के जेईसीसी, सीतापुरा में किया जाएगा। आयोजन के दूसरे संस्करण में देश-विदेश में बसे प्रवासी राजस्थानी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, निवेशक, उद्यमी, प्रोफेशनल्स, युवा और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ भाग लेंगे। कार्यक्रम में सहभागिता के लिए 11 अक्टूबर से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है।
प्रवासी राजस्थानी दिवस की शुरुआत राज्य सरकार ने राजस्थान और देश-विदेश में बसे प्रवासी समुदाय के बीच संबंधों को मजबूत करने तथा उन्हें प्रदेश के विकास में भागीदार बनाने के उद्देश्य से की थी। इसका पहला संस्करण 10 दिसंबर, 2025 को जयपुर के जेईसीसी में आयोजित हुआ था, जिसमें भारत और विदेशों से करीब 5,000 प्रवासी राजस्थानियों एवं अन्य प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया था। अब दूसरे संस्करण के जरिए इस जुड़ाव को और व्यापक बनाने की तैयारी है।
इस वर्ष के आयोजन को संवाद, विचारों के आदान-प्रदान और सहयोग की संभावनाएं तलाशने के मंच के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसमें प्रवासी राजस्थानियों को राज्य सरकार के प्रतिनिधियों, निवेशकों, उद्योगपतियों और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के साथ सीधे संवाद का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही नेटवर्किंग के माध्यम से नए व्यावसायिक संबंध स्थापित करने और प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को आगे बढ़ाने पर भी जोर रहेगा।
कार्यक्रम में पर्यटन, शहरी विकास, उद्योग, ऊर्जा और खनन सहित प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में विशेषज्ञ, उद्योग प्रतिनिधि, नीति-निर्माता और अन्य हितधारक संबंधित क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों, निवेश की संभावनाओं और आपसी सहयोग के नए रास्तों पर चर्चा करेंगे।
इसके अलावा ‘प्रवासी राजस्थानी’ सत्र भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रवासी समुदाय के अनुभवों और प्रदेश से उनके जुड़ाव को प्रमुखता दी जाएगी। आयोजन में केवल प्रवासी राजस्थानी ही नहीं, बल्कि कॉरपोरेट जगत के प्रतिनिधियों, स्टार्टअप संचालकों, नवाचारकर्ताओं, युवा पेशेवरों और सामाजिक क्षेत्र के संगठनों को भी भागीदारी का अवसर मिलेगा।
सरकार का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों की विशेषज्ञता, अनुभव और विचारों को एक मंच पर लाकर राजस्थान के विकास के लिए नई साझेदारियों और सहयोग के अवसर तैयार करना है।
राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानी कार्य विभाग (डोरा) के अतिरिक्त मुख्य सचिव शिखर अग्रवाल ने कहा कि प्रवासी राजस्थानी दिवस राजस्थान और उसके लोगों के बीच अटूट संबंधों की अभिव्यक्ति है। दूसरे संस्करण का उद्देश्य सार्थक संवाद, सहयोग और प्रदेश के विकास में योगदान के नए अवसर उपलब्ध कराना है।
उन्होंने प्रवासी राजस्थानियों, युवा पेशेवरों, उद्यमियों और कॉरपोरेट जगत के प्रतिनिधियों सहित राजस्थान से जुड़ाव रखने वाले सभी हितधारकों से आयोजन में भाग लेने की अपील की। प्रवासी राजस्थानी दिवस-2026 में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
रजिस्ट्रेशन के लिए लिंक https://rising.rajasthan.gov.in/pravasi-divas/registration जारी किया गया है। कार्यक्रम के जरिए राज्य सरकार प्रवासी राजस्थानियों के अनुभव, विशेषज्ञता और संसाधनों को प्रदेश की विकास यात्रा से जोड़ने का प्रयास करेगी।