10 सितंबर को होगा युवा संसद प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सितंबर 09, नई दिल्ली: नई दिल्ली में 10 सितंबर, 2026 को जवाहर नवोदय विद्यालयों के लिए आयोजित 27वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता, 2025-26 का पुरस्कार वितरण समारोह होगा। समारोह दोपहर 3 बजे से जीएमसी बालयोगी सभागार, संसद पुस्तकालय भवन, संसद भवन परिसर में आयोजित किया जाएगा।केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
वे प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुरस्कार विजेता छात्रों और विद्यालयों को पुरस्कार प्रदान करेंगे।प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले “पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, उखरुल-1, मणिपुर (शिलांग क्षेत्र)” के छात्र समारोह में ‘युवा संसद सत्र’ की पुनः प्रस्तुति भी देंगे।
प्रथम स्थान के लिए इस विद्यालय को संसदीय शील्ड और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।संसदीय कार्य मंत्रालय पिछले 30 वर्षों से जवाहर नवोदय विद्यालयों में युवा संसद प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रहा है। 27वीं प्रतियोगिता 2025-26 के दौरान पूरे भारत में नवोदय विद्यालय समिति के 8 क्षेत्रों में फैले 100 विद्यालयों के बीच आयोजित की गई।युवा संसद कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में आत्म-अनुशासन, अलग-अलग विचारों के प्रति सहिष्णुता, विचारों की निष्पक्ष अभिव्यक्ति और लोकतांत्रिक जीवन शैली के अन्य गुणों को विकसित करना है।
कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को संसद की कार्यप्रणाली और प्रक्रियाओं तथा चर्चा और वाद-विवाद की तकनीकों से भी परिचित कराया जाता है। इससे उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रभावी भाषण कला विकसित करने में मदद मिलती है। (Source: संसदीय कार्य मंत्रालय)