1008 श्रद्धालुओं की तीर्थ यात्रा, बाड़मेर से रवाना हुई विशेष ट्रेन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
बाड़मेर से 1008 श्रद्धालुओं को लेकर विशेष वातानुकूलित ट्रेन देश के प्रमुख जैन और सनातन तीर्थों के लिए रवाना हुई। 15 दिन में ट्रेन 5 राज्यों और 2 केंद्रशासित प्रदेशों से होते हुए 5500 किमी से अधिक का सफर तय करेगी।
बाड़मेर, 8 अक्टूबर । जिला मुख्यालय से गुरुवार को सम्मेतशिखर जैन तीर्थ यात्रा आयोजन समिति के नेतृत्व में 1008 श्रद्धालुओं को लेकर विशेष वातानुकूलित ट्रेन रवाना हुई। यह धार्मिक यात्रा आगामी 15 दिनों तक चलेगी, जिसमें श्रद्धालु देश के प्रमुख जैन एवं सनातन तीर्थ स्थलों के दर्शन करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, विशेष ट्रेन के जरिए श्रद्धालु करीब 5500 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेंगे। यात्रा के दौरान ट्रेन 5 राज्यों और 2 केंद्रशासित प्रदेशों से होकर गुजरेगी। यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए ट्रेन में प्राथमिक चिकित्सा दल, खानपान व्यवस्थापक और सुरक्षा कर्मियों की विशेष टीमें तैनात की गई हैं।
यात्रा में बुजुर्गों और महिला श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। आयोजकों का कहना है कि पूरे सफर के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
इस तीर्थ यात्रा की खास पहल आर्थिक रूप से कमजोर श्रद्धालुओं और संयम मार्ग पर आगे बढ़ने वाले दीक्षार्थियों के लिए की गई है। ऐसे 30 यात्रियों की यात्रा पूरी तरह निशुल्क रखी गई है। आर्थिक कारणों से तीर्थ दर्शन से वंचित रहने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह पहल उनके लंबे समय से देखे जा रहे धार्मिक यात्रा के सपने को पूरा करने का माध्यम बनी है।
आयोजकों के मुताबिक, बडेरा परिवार सहित 12 अन्य सहयोगियों के सहयोग से यह व्यवस्था संभव हो सकी। धार्मिक आस्था के साथ जरूरतमंद श्रद्धालुओं की मदद की इस पहल को यात्रा का मानवीय पक्ष माना जा रहा है। यह यात्रा श्रद्धालुओं के लिए केवल तीर्थ दर्शन का अवसर नहीं, बल्कि आस्था, सेवा और सहयोग का भी अनुभव लेकर आई है।
बाइट - हेतल जैन,यात्री बाइट -अरुणा गोलेच्छा, यात्री
बाइट - मांगीलाल जैन, लाभार्थी