राजनीति

101 साल की बानो का सम्मान

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 1 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
101 साल की बानो का सम्मान

झालावाड़ में 101 वर्षीय शतायु मतदाता श्रीमती बानो को जिला निर्वाचन अधिकारी ने सम्मानित किया। कार्यक्रम में मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाकर हर पात्र नागरिक से मतदान में भाग लेने की अपील की गई।

झालावाड़, 1 अक्टूबर। लोकतंत्र में प्रत्येक मत की महत्ता और मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को मिनी सचिवालय सभागार में शतायु मतदाता सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने 100 वर्ष या उससे अधिक आयु के मतदाताओं के सम्मान के साथ मतदाता जागरूकता को लेकर संदेश दिया।

सम्मान समारोह के दौरान झालरापाटन निवासी 101 वर्षीय श्रीमती बानो को जिला निर्वाचन अधिकारी अजय सिंह राठौड़ एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी तथा उपखंड अधिकारी सोनू कुमारी ने माला पहनाकर और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की विशेषता है कि 101 वर्ष की आयु में भी शतायु मतदाता अपने मताधिकार को लेकर जागरूक और प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मतदाता लोकतंत्र की जीवंत प्रेरणा हैं और मतदान के प्रति उनका उत्साह सभी पात्र मतदाताओं के लिए प्रेरणादायक है।

उन्होंने युवाओं और महिलाओं सहित सभी पात्र मतदाताओं से प्रत्येक चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। साथ ही परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने श्रीमती बानो के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को मतदाता जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई।

इसी क्रम में राजकीय, निजी एवं स्वायत्त महाविद्यालयों में संचालित मतदाता साक्षरता क्लबों के सुदृढ़ीकरण और प्रभावी संचालन को लेकर बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में युवाओं को मतदाता जागरूकता गतिविधियों से जोड़ने और मतदान के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर चर्चा की गई।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।