1050 फीट गहरे बोरवेल में फंसा मासूम, 20 घंटे से रेस्क्यू जारी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
फलोदी के नौसर गांव में 9 वर्षीय भोमाराम को बोरवेल से निकालने के लिए 20 घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। अंदर पत्थर आने से बचाव कार्य में परेशानी हो रही है, वहीं NDRF और प्रशासन की टीमें बच्चे को सुरक्षित निकालने में जुटी हैं।
फलोदी, 16 अक्टूबर। राजस्थान के फलोदी जिले के नौसर गांव में 1050 फीट गहरे बोरवेल में गिरे 9 वर्षीय भोमाराम को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। बच्चे को बाहर निकालने के लिए प्रशासन और बचाव दल पिछले 20 घंटे से प्रयास कर रहे हैं। मौके पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं और पूरे अभियान की निगरानी की जा रही है।
फलोदी जिले के मतोड़ा थाना क्षेत्र स्थित नौसर गांव की पूनिया की ढाणी में यह घटना हुई। बच्चे को निकालने के लिए अजमेर से एनडीआरएफ की टीम पहुंची है। हालांकि, बोरवेल में करीब 30 फीट की गहराई पर पत्थर आने से कैमरा और पाइप अंदर डालने में परेशानी हो रही है। इससे बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
बोरवेल में आए पत्थर को हटाने के लिए स्थानीय जुगाड़ विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। लोहे के सरियों को वेल्डिंग कर विशेष उपकरण तैयार किए जा रहे हैं, ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन को आगे बढ़ाया जा सके और बच्चे तक पहुंचने का रास्ता बनाया जा सके।
रेस्क्यू अभियान के दौरान बच्चे की शर्ट बाहर निकाली गई है, लेकिन भोमाराम अभी भी बोरवेल के अंदर फंसा हुआ है। बचाव दल उसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
बच्चे के बोरवेल में फंसे होने से उसके माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पूरे गांव में चिंता का माहौल है और ग्रामीण भोमाराम की सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। फलोदी जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह पूरे अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। बचाव दल की कोशिश है कि सभी आवश्यक सावधानियों के साथ बच्चे को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।