राज्य

12 सितंबर को कुल्लू, मनाली व बंजार में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
12 सितंबर को कुल्लू, मनाली व बंजार में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन

अगस्त 10, कुल्लू (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला के तत्वावधान में 12 सितंबर, 2026 को जिला न्यायालय कुल्लू सहित मनाली और बंजार न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुल्लू ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में दुर्घटना क्लेम, श्रम विवाद, बिजली एवं पानी के बिल, जमीनी विवाद, बैंक से संबंधित विवाद, वैवाहिक विवाद तथा विशेष रूप से कम राशि के चेक से संबंधित मामलों का निपटारा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर मोटर व्हीकल लोक अदालत का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें मोटर व्हीकल चालानों का भी निपटारा किया जाएगा। जिन व्यक्तियों के उपरोक्त श्रेणी के मामले न्यायालयों में लंबित हैं, वे अपने मामलों को लोक अदालत में लगवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में मामलों का निपटारा दोनों पक्षों की आपसी सहमति से किया जाता है।

इसमें किसी पक्ष की हार या जीत नहीं होती, बल्कि आपसी समझौते के आधार पर विवाद का समाधान किया जाता है। उन्होंने आमजन से लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। राष्ट्रीय लोक अदालत से संबंधित अधिक जानकारी के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुल्लू के दूरभाष नंबर 01902-222378 पर संपर्क किया जा सकता है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।