राज्य

9 से 15 अक्तूबर तक मनाया जाएगा राष्ट्रीय डाक सप्ताह, सप्ताह पर आयोजित होंगे कई कार्यक्रम

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 9 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
9 से 15 अक्तूबर तक मनाया जाएगा राष्ट्रीय डाक सप्ताह, सप्ताह पर आयोजित होंगे कई कार्यक्रम

अक्तूबर 09, शिमला (हिमाचल प्रदेश): विश्व डाक दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश डाक परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल संजय सिंह ने शिमला में पत्रकार वार्ता कर बताया कि 9 से 15 अक्तूबर तक राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाया जाएगा। इस साल की थीम-एक डाक नेटवर्क, अनंत संभावनाएं रखा गया है। विभाग का फोकस डाक संचालन में तकनीक और नवाचार के बढ़ते उपयोग पर है ताकि सेवाएं हर नागरिक के लिए और सुलभ और सरल बन सकें।

मुख्य पोस्टमास्टर जनरल संजय सिंह ने बताया कि आज 9 अक्तूबर को विश्व डाक दिवस का आयोजन किया जा रहा है। सभी डाकघरों में बैनर और डिजिटल डिस्प्ले के माध्यम से व्यापक प्रचार किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश परिमंडल में 18 प्रधान डाकघर, 452 उप डाकघर और 2327 शाखा डाकघर यानी कुल 2797 डाकघरों के माध्यम से सेवाएं दी जा रही हैं, जिनमें से 2684 ग्रामीण क्षेत्रों में हैं।

एक डाकघर औसतन 2454 लोगों और 19.90 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को सेवा देता है। इस नेटवर्क को 2485 विभागीय और 6400 ग्रामीण डाक सेवकों के माध्यम से चलाया जा रहा है।राष्ट्रीय डाक सप्ताह पर सप्ताह भर के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिनमें 12 अक्तूबर को फिलाटेली दिवस,13 अक्टूबर को वित्तीय समावेशन और सिटीजन सेंट्रिक सर्विसेज दिवस,14 अक्तूबर को डाक और पार्सल दिवस और 15 अक्तूबर को टेक्नोलॉजी और नवाचार दिवस पर कर्मचारियों और ग्राहकों के लिए टेक्नोलॉजी क्विज और ड्रोन डिलीवरी पर चर्चा होगी।

संजय सिंह ने बताया कि इस साल की सबसे बड़ी पहल ड्रोन डिलीवरी है। पूरे देश में दो परिमंडलों - हिमाचल प्रदेश और असम में इसे लागू किया गया है। हिमाचल में 13 अगस्त को मंडी प्रधान डाकघर से शाखा डाकघर रिवालसर-धार तक पहली ड्रोन डिलीवरी शुरू की गई।पहले प्रधान डाकघर से शाखा डाकघर तक मैन्युअल बैग पहुंचाने में बस या पैदल 2 से 3 घंटे लगते थे, अब ड्रोन से वही दूरी 5 से 10 मिनट में तय हो रही है।

सुबह हेड ऑफिस से निकली डाक 10 मिनट में शाखा डाकघर पहुंच जाती है और 1-2 घंटे में गांव में वितरित हो जाती है। अब तक 110 कठिन रूट चिन्हित किए गए हैं, 36 रूट पर सेवा शुरू हो चुकी है और हर सप्ताह इसमें प्रगति हो रही है।

बाइट: संजय सिंह, मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, हिमाचल प्रदेश डाक परिमंडल

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।