15 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आएंगे प्रयागराज:चकिया के कसारी-मसारी में पद्म आवास योजना का भूमि पूजन करेंगे
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद के गढ़ रहे चकिया इलाके की तस्वीर अब बदलने जा रही है। 15 अक्टूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चकिया के कसारी-मसारी क्षेत्र में प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) की प्रतिष्ठित पद्म आवास योजना का भूमि पूजन करेंगे। इस परियोजना में निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के लोगों के लिए 602 फ्लैट बनाए जाएंगे।
यह वही भूमि है, जिस पर पहले अतीक अहमद और उसके सहयोगियों का कब्जा बताया जाता था। भूमि पूजन की तैयारियां तेज भूमि पूजन कार्यक्रम को लेकर स्थल पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। प्रयागराज विकास प्राधिकरण के सचिव विनीत कुमार सिंह ने परियोजना स्थल का निरीक्षण किया और कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
अधिकारियों को मंच, सुरक्षा, आगंतुकों की बैठक व्यवस्था और स्थल की सफाई सहित सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी तैयारी में जुटे हैं। कार्यक्रम स्थल तक पहुंच, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
14 मंजिला भवन में होंगे 602 फ्लैट PDA की पद्म आवास योजना के तहत कसारी-मसारी में 14 मंजिला ग्रुप हाउसिंग परियोजना विकसित की जाएगी। इसमें कुल 602 फ्लैट होंगे और सभी फ्लैट 2BHK श्रेणी के होंगे। परियोजना का क्षेत्रफल लगभग 9,511 वर्ग मीटर बताया जा रहा है। यह परियोजना अफॉर्डेबल हाउसिंग की श्रेणी में आती है, जिसका उद्देश्य निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के परिवारों को शहर में गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराना है।
इस परियोजना पर अनुमानित 150 करोड़ रुपए का खर्च आएगा, और प्रत्येक फ्लैट की अनुमानित कीमत 28 लाख रुपए होगी। रेरा से मिली मंजूरी पद्म आवास योजना को उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (RERA) से पंजीकरण मिल चुका है। रेरा रिकॉर्ड में परियोजना का नाम ‘पद्म लोक आवास योजना, प्रयागराज’ दर्ज है, जिसका प्रमोतर प्रयागराज विकास प्राधिकरण है।
रिकॉर्ड के अनुसार परियोजना की निर्माण शुरुआत 1 अगस्त 2026 से मानी गई है, जबकि पूर्णता की अपेक्षित तिथि 16 जुलाई 2031 है। भूमि पूजन के बाद निर्माण कार्य को गति देने की तैयारी है। भूमि पूजन के बाद इन फ्लैटों की बुकिंग प्रक्रिया भी शुरू हो सकती है। अनुमान है कि बुकिंग दीवाली के आसपास शुरू होगी।
PDA द्वारा आवेदन, पात्रता, कीमत और आवंटन संबंधी विस्तृत नियम अलग से जारी किए जा सकते हैं। हर मंजिल पर 43 फ्लैट बनाए जाएंगे सभी फ्लैट का कारपेट एरिया लगभग 37.41 वर्ग मीटर (403 वर्ग फीट) होगा। बिल्ट-अप एरिया 507 वर्ग फीट और सुपर बिल्ट-अप एरिया लगभग 608 वर्ग फीट निर्धारित किया गया है।
इन फ्लैटों में बैठक कक्ष, दो बेडरूम, दो शौचालय, रसोई और बालकनी जैसी सुविधाएं होंगी। परियोजना के तहत प्रत्येक मंजिल पर लगभग 43 फ्लैट बनाने की योजना है। पीडीए ने फ्लैटों का आकार तय करने से पहले लोगों से सुझाव मांगे थे। 1-BHK, 2-BHK और 3-BHK फ्लैटों के संबंध में राय ली गई। एक हजार से अधिक लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी, जिसमें से लगभग 70 प्रतिशत ने 2-BHK फ्लैटों को प्राथमिकता दी।
इसी आधार पर पीडीए ने 602 दो-BHK फ्लैटों की योजना को अंतिम रूप दिया। परियोजना की रणनीतिक स्थिति भी इसे महत्वपूर्ण बनाती है- इलाहाबाद हाईकोर्ट से लगभग तीन किलोमीटर प्रयागराज जंक्शन से लगभग दो किलोमीटर सिविल लाइंस बस स्टेशन से लगभग पांच किलोमीटर एयरपोर्ट से लगभग सात किलोमीटर सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन भी यहां से लगभग ढाई किलोमीटर दूर है।
इससे पहले, लूकरगंज में भी इसी तरह की आवासीय परियोजना के तहत लोगों को फ्लैट उपलब्ध कराए गए थे। अब 602 फ्लैटों वाली पद्म आवास योजना पर सभी की निगाहें टिकी हैं। रेरा की मंजूरी के बाद, भूमि पूजन और निर्माण कार्य की प्रक्रिया जल्द ही आगे बढ़ने की उम्मीद है। चकिया की बदलती पहचान चकिया इलाका वर्षों तक अतीक अहमद के प्रभाव क्षेत्र से जुड़ा रहा।
अब यही क्षेत्र सरकारी आवास योजना के माध्यम से आम परिवारों के लिए विकसित हो रहा है। इससे पहले भी अतीक के कब्जे से मुक्त कराई गई भूमि पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास बनाए गए थे और मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को चाबियां सौंपी थीं। अधिकारियों का कहना है कि इस परियोजना से क्षेत्र में आवास की उपलब्धता बढ़ेगी, साथ ही क्षेत्र की छवि और बुनियादी विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
15 अक्टूबर का भूमि पूजन इस बदलाव का प्रतीकात्मक शुभारंभ माना जा रहा है।
📡 स्रोत: NewsData.io