राज्य

18 सितंबर को मनाया जाएगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस: अपूर्व देवगन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
18 सितंबर को मनाया जाएगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस: अपूर्व देवगन

मंडी जिला में 2.18 लाख बच्चों को खिलाई जाएगी कृमिनाशक दवा

अगस्त 15, मंडी (हिमाचल प्रदेश): मंडी जिला में 18 सितंबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले में एक वर्ष से 19 वर्ष तक की आयु के 2,18,561 बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, 1 से 5 वर्ष की आयु के 56,505 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक भी दी जाएगी।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने आज यहां अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाना उनके बेहतर स्वास्थ्य और शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी अभिभावकों से आह्वान किया कि वे 18 सितंबर को अपने बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने के लिए प्रेरित करें।

उन्होंने बताया कि एल्बेंडाजोल की दवा जिले के सभी संबंधित आंगनबाड़ी केंद्रों और शिक्षण संस्थानों में पहुंचा दी गई है। अभियान के तहत पात्र बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों में स्वास्थ्य कर्मियों एवं अध्यापकों की निगरानी में दवा खिलाई जाएगी। उपायुक्त ने बताया कि यदि कोई बच्चा किसी कारणवश 18 सितंबर को कृमिनाशक दवा लेने से छूट जाता है, तो उसे 23 सितंबर को मॉप-अप डे के दौरान दवा खिलाई जाएगी।

उन्होंने संबंधित विभागों को अभियान के दौरान आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा ग्रामीण विकास विभाग प्रभावी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान से संबंधित एक्शन प्लान एसडीएम, सीएमओ, उपनिदेशक प्रारंभिक एवं उच्च शिक्षा, डीपीओ आईसीडीएस, सभी बीएमओ तथा बीडीओ के व्हाट्सऐप ग्रुप के माध्यम से साझा किया जाए, ताकि अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।

कृमि संक्रमण के कारण बच्चों में कमजोरी, खून की कमी, पेट दर्द, भूख में कमी तथा शारीरिक और मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। कृमिनाशक दवा बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने में मदद करती है और उनके स्वस्थ विकास में सहायक होती है। एल्बेंडाजोल के सेवन एवं इसके प्रयोग से संबंधित जानकारी के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ.

पवनेश महंत के मोबाइल नंबर 8219282530 पर संपर्क किया जा सकता है। डॉ. पवनेश ने बताया कि 1 से 2 वर्ष की आयु के बच्चों को एल्बेंडाजोल की आधी गोली तथा 2 से 19 वर्ष की आयु के बच्चों को पूरी गोली दी जाएगी। दवा को पीसकर या चबाकर ही खिलाया जाएगा। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी डॉ. अशोक चौहान, वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ.

दिनेश ठाकुर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरिंदम राय, डीपीओ आईसीडीएस अजय बदरेल सहित जिले के सभी खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) उपस्थित रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।