20 अक्टूबर को होगी भव्य रामलीला
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
हवामहल विधायक आचार्य बालमुकुंद ने किया पोस्टर विमोचन, भक्तों द्वारा होगा अरण्य कांड का मंचन
जयपुर,(14 अक्टूबर)। जयपुर के गुप्त वृंदावन धाम में 20 अक्टूबर को भव्य रामलीला एवं दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंगलवार को हवामहल विधायक आचार्य बालमुकुंद ने रामलीला महोत्सव के पोस्टर का विमोचन किया। आयोजन में भगवान श्रीराम के वनवास काल से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को मंचन के माध्यम से जीवंत किया जाएगा।
विजयादशमी के अवसर पर आयोजित होने वाली रामलीला में रामायण के अरण्य कांड का मंचन मुख्य आकर्षण रहेगा। इसमें भगवान श्रीराम के वनवास काल की घटनाओं को प्रभावशाली संवाद, अभिनय और भाव-भंगिमाओं के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य श्रद्धालुओं तक भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों और आदर्शों को पहुंचाना है। इस रामलीला की विशेष बात यह है कि इसका मंचन किसी व्यावसायिक कलाकारों की टीम के बजाय गुप्त वृंदावन धाम से लंबे समय से जुड़े भक्तों द्वारा किया जाएगा। ये भक्त विभिन्न सरकारी और निजी क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देने के साथ-साथ भगवान श्रीराम की लीलाओं के मंचन के लिए भी समय समर्पित कर रहे हैं।
आयोजन से जुड़े भक्त पिछले चार महीनों से रामलीला की तैयारियों और अभ्यास में जुटे हुए हैं। इस दौरान भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए संवाद, अभिनय और भाव-भंगिमाओं का लगातार अभ्यास किया जा रहा है। गुप्त वृंदावन धाम में होने वाला यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ भक्तों की सांस्कृतिक सहभागिता का भी उदाहरण बनेगा। रामलीला और दशहरा महोत्सव के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देने का प्रयास किया जाएगा।