2027 के विधानसभा चुनाव में सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी आम आदमी पार्टी: ऋतुराज झा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
धर्मशाला में शीतकालीन सत्र तक गारंटियां पूरी न होने पर विधानसभा घेराव की चेतावनी, नवंबर में शिमला आएंगे अरविंद केजरीवाल
अक्तूबर 24, कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश): आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश प्रभारी ऋतुराज झा ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार और पूर्व भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सभी 68 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी प्रदेश में पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और सभी विधानसभा क्षेत्रों में मजबूत उम्मीदवार खड़े करेगी।
पार्टी कार्यालय के उद्घाटन के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में झा ने कहा कि हिमाचल की जनता कांग्रेस और भाजपा की राजनीति से परेशान हो चुकी है तथा अब प्रदेश में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प चाहती है। ऋतुराज झा ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सरकार पर चुनावी गारंटियां पूरी नहीं करने का आरोप लगाया।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने सत्ता में आने के लिए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की गारंटियों की नकल की थी। इनमें महिलाओं को 1500 रुपये देने, 300 यूनिट मुफ्त बिजली और मोहल्ला क्लीनिक जैसी घोषणाएं शामिल थीं। झा ने आरोप लगाया कि सरकार अपने कार्यकाल में इन वादों को पूरा करने में नाकाम रही है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि धर्मशाला में होने वाले आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र तक सरकार ने अपने वादे पूरे नहीं किए, तो आम आदमी पार्टी के हजारों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर विधानसभा का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज करेगी और सरकार को जवाबदेह बनाएगी।
झा ने बताया कि अरविंद केजरीवाल 15 से 20 नवंबर के बीच शिमला का दौरा करेंगे। इस दौरान हिमाचल प्रदेश में पार्टी की चुनावी रणनीति को लेकर बड़ा ऐलान किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि इसी दौरान प्रदेश के पांच से सात बड़े और जाने-माने नेता आम आदमी पार्टी में शामिल हो सकते हैं। कांग्रेस और भाजपा पर हमला बोलते हुए झा ने दावा किया कि पार्टी के सर्वे के अनुसार 80 प्रतिशत से अधिक लोग चाहते हैं कि आम आदमी पार्टी हिमाचल में चुनाव लड़े।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस करीब 46 वर्ष और भाजपा लगभग 25 वर्ष तक सत्ता में रही है, लेकिन जनता अब बदलाव चाहती है। पंजाब सरकार का उदाहरण देते हुए झा ने कहा कि वहां आम आदमी पार्टी की सरकार ने 80 हजार पक्की नौकरियां दी हैं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार किया है। उन्होंने पंजाब की शिक्षा व्यवस्था को लेकर नीति आयोग के हवाले से भी दावा किया।
कानून व्यवस्था और लॉरेंस बिश्नोई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बिश्नोई गुजरात की साबरमती जेल में बंद है और इस मामले में भाजपा सरकारों की भूमिका पर सवाल उठाए। हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए झा ने कहा कि जिस राज्य में हर वर्ष करीब 3.5 करोड़ पर्यटकों के आने का दावा किया जाता है, वहां राजस्व बढ़ाने की पर्याप्त संभावनाएं हैं।
उन्होंने पंजाब का उदाहरण देते हुए कहा कि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाकर वहां आबकारी राजस्व में तीन गुना तक वृद्धि की गई है। झा ने कहा कि हिमाचल में भी भ्रष्टाचार पर रोक लगाकर और राजस्व के स्रोतों का बेहतर इस्तेमाल करके आर्थिक स्थिति मजबूत की जा सकती है। आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी प्रदेश में अपना संगठन मजबूत करेगी और कांग्रेस-भाजपा के विकल्प के रूप में जनता के बीच जाएगी।
बाईट: ऋतुराज झा, प्रदेश प्रभारी, आप