देश

28 से 30 सितंबर तक हड़ताल पर जाएंगे बैंक कर्मी, देशभर में प्रभावित हो सकती हैं बैंकिंग सेवाएं, फाइव डे वीक की मांग

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
28 से 30 सितंबर तक हड़ताल पर जाएंगे बैंक कर्मी, देशभर में प्रभावित हो सकती हैं बैंकिंग सेवाएं, फाइव डे वीक की मांग

सितंबर 25, शिमला (हिमाचल प्रदेश): 28 से 30 सितंबर तक देशभर में बैंकिंग सेवाओं पर बड़ा असर पड़ सकता है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस यानी यूएफबीयू के बैनर तले बैंक कर्मचारी और अधिकारी तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर जाने की तैयारी में हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस हिमाचल प्रदेश के संयोजक नरिंदर शर्मा ने बताया कि पांच दिन वर्किंग डे व्यवस्था लागू करने और परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव योजना वापस लेने समेत कई मांगों को लेकर हड़ताल का आह्वान किया गया है।अगर केंद्र सरकार बातचीत के लिए आगे आती है तो हड़ताल टाली जा सकती है, जबकि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में अक्तूबर में अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया जा सकता है।

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस हिमाचल प्रदेश के संयोजक नरिंदर शर्मा ने बताया कि बैंक यूनियनें 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहेंगी। यूएफबीयू लंबे समय से पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहा है। इसके तहत शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश देने की मांग की जा रही है।

इसके अलावा परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव यानी पीएलआई योजना को वापस लेने की भी मांग की है। यूनियनों का आरोप है कि फाइनेंशल सर्विसिज़ विभाग यानी डीएसएस की ओर से इस योजना को एकतरफा लागू किया गया है। इसके अलावा पब्लिक सेक्टर बैंकों की ट्रांसफर पॉलिसी पर भी फोरम ने सवाल उठाए हैं। यूनियन का कहना है कि अधिकारियों को हर तीन, पांच, सात और नौ साल में हजारों किलोमीटर दूर ट्रांसफर किया जा रहा है।

फोरम ने सरकार के सामने हर रोज 40 मिनट अतिरिक्त कार्य अवधि का प्रस्ताव भी रखा है।यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस नेताओं के मुताबिक सरकार के साथ हुए समझौते को ढाई साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन उसमें की गई प्रतिबद्धताओं पर अब तक पर्याप्त कार्रवाई नहीं हुई है। लंबित मांगों का समाधान नहीं होने के कारण औद्योगिक कार्रवाई का रास्ता अपनाना पड़ा है।

केंद्र सरकार अगर फोरम के साथ बातचीत करती है तो हड़ताल को टाला जा सकता है।फोरम ने चेतावनी दी है कि सितंबर में प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल के बाद भी मांगों पर बात नहीं हुई तो अक्टूबर में बैंक संगठन अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला कर सकते हैं।

बाइट: नरिंदर शर्मा, संयोजक, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) हिमाचल प्रदेश इकाई

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।