500 किलोमीटर की सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा 3.0 का रूट बताया बागेश्वर सरकार ने, 11 से 15 अक्टूबर तक पांच जिलों से गुजरेगी यात्रा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
छतरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने 11 से 15 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित 500 किलोमीटर लंबी सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा 3.0 के रूट और तैयारियों की जानकारी साझा की है। पांच जिलों से होकर गुजरने वाली इस यात्रा के माध्यम से सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभावना और हिंदू एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने की योजना है।
बागेश्वर सरकार ने बताया कि यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर सभाएं आयोजित की जाएंगी, जहां श्रद्धालुओं और सनातनियों से संवाद किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में राष्ट्रगान, हनुमान चालीसा, सात वचनों की शपथ और धर्म-संस्कृति से जुड़े संदेशों के जरिए लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
देशभर के सनातनियों से शामिल होने की अपील
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने पांचों जिलों के साथ देशभर के सनातनियों से यात्रा में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यात्रा जिन क्षेत्रों से होकर गुजरेगी, वहां आसपास के गांवों के श्रद्धालु भी सभाओं में पहुंचकर अपनी सहभागिता दर्ज कराएं।
यात्रा के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए बागेश्वर धाम के शिष्यों, भक्तों और सुंदरकांड मंडलों के माध्यम से पीले चावल बांटकर लोगों को निमंत्रण देने की बात भी कही गई है। इसके जरिए अधिक से अधिक लोगों तक यात्रा का संदेश पहुंचाने की तैयारी है।
बुंदेली भाषा में किया आह्वान बागेश्वर सरकार ने बुंदेली भाषा में हाथ जोड़कर श्रद्धालुओं से इस यात्रा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने धर्म, संस्कृति और हिंदू एकता के इस अभियान को सफल बनाने के लिए लोगों से सहयोग और सहभागिता का आह्वान किया।
11 अक्टूबर से शुरू होकर 15 अक्टूबर तक चलने वाली इस यात्रा को लेकर आयोजकों की तैयारियां जारी हैं। अब श्रद्धालुओं की नजर यात्रा के निर्धारित मार्ग और विभिन्न स्थानों पर होने वाली सभाओं पर रहेगी।
बाइट: पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज, पीठाधीश्वर, बागेश्वर धाम