राजनीति

9.18 लाख किसानों के खाते में राहत धनराशि भेजेंगे CM:प्राकृतिक आपदा से फसलों को हुए नुकसान की होगी भरपाई; आज होगा कार्यक्रम

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 12 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
9.18 लाख किसानों के खाते में राहत धनराशि भेजेंगे CM:प्राकृतिक आपदा से फसलों को हुए नुकसान की होगी भरपाई; आज होगा कार्यक्रम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर प्रवास के दूसरे दिन सोमवार की सुबह प्रदेश के 9 लाख 18 हजार 91 किसानों के खाते में राहत धनराशि भेजेंगे। यह धनराशि इन किसानों को पिछले दिनों आयी बाढ़, चक्रवात से फसलों को हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति के रूप में दी जाएगी। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित होगा।

प्रदेश में अतिवृष्टि, ओलावृष्टि, चक्रवात एवं बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से हुए फसलों के नुकसान की भरपाई सरकार करने जा रही है। सोमवार, 12 अक्टूबर को गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह सुबह अयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री किसानों के खाते में क्षतिपूर्ति की धनराशि भेजेंगे।

यहीं से प्रदेशभर के किसानों को कृषि निवेश अनुदान के रूप में 493 करोड़ रुपये की धनराशि भेजी जाएगी। राज्य के 9 लाख 18 हजार 91 किसानों को डीबीटी के माध्यम से यह धनराशि भेजी जाएगी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। सुपर अल नीनो और अन्य पर्यावरणीय बदलावों के चलते प्रदेश में अतिवृष्टि, ओलावृष्टि, चक्रवात व बाढ़ का सामना करना पड़ा है।

सबसे अधिक नुकसान सितंबर के अंतिम सप्ताह में आए अर्नव चक्रवात से हुआ। राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार बाढ़, अतिवृष्टि, चक्रवात और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। वर्तमान वित्तीय वर्ष की पहली तारीख से लेकर 9 अक्टूबर तक 9 लाख 18 हजार 91 ऐसे किसान चिन्हित किए गए हैं जिनकी फसलें क्षतिग्रस्त हुई हैं।

बाढ़ समाप्त होने के तत्काल बाद पूरी तत्परता से योगी सरकार की तरफ से 493 करोड़ रुपये फसल क्षति के कृषि निवेश अनुदान के रूप में निर्गत किया जा रहा है। राहत आयुक्त कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश में बाढ़, चक्रवात, ओलावृष्टि के कारण होने वाली फसल क्षति के सापेक्ष 169 करोड़ रुपए कृषि निवेश अनुदान हेतु अग्रिम रूप से जनपदों को निर्गत किया जा चुका है।

1 लाख 29 हजार 326 किसानों को फसल क्षति के सापेक्ष 78.75 करोड़ रुपये का कृषि निवेश अनुदान दिया जा चुका है। इसी क्रम में विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं में जनहानि, पशुहानि, मकान क्षति के प्रकरणों में प्रभावित परिवारों को 225.93 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की गई है।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।