राज्य

974 बुजुर्गों ने किए रामेश्वरम-मदुरई के दर्शन, सरकार का जताया आभार

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 15 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
974 बुजुर्गों ने किए रामेश्वरम-मदुरई के दर्शन, सरकार का जताया आभार

राजस्थान सरकार की मुख्यमंत्री वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ के 974 श्रद्धालुओं ने रामेश्वरम और मदुरई के प्रमुख मंदिरों में दर्शन किए। भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुए सफर में श्रद्धालुओं को भोजन, आवास और चिकित्सा सहित सुविधाएं मिलीं, जिसके लिए उन्होंने सरकार का आभार जताया।

श्रीगंगानगर, 15 अक्टूबर। राजस्थान सरकार की मुख्यमंत्री वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिले के 974 वरिष्ठ नागरिकों ने दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों रामेश्वरम और मदुरई पहुंचकर दर्शन किए। विशेष ट्रेन से रवाना हुए श्रद्धालुओं का पूरा सफर भजन-कीर्तन और प्रभु के गुणगान के बीच भक्तिमय बना रहा।

रामेश्वरम में किए भगवान रामनाथस्वामी के दर्शन

तीर्थ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने रामेश्वरम में धनुष्कोड़ी, पंबन ब्रिज और अग्नि तीर्थम सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन किए। इसके साथ ही श्रद्धालुओं ने रामनाथस्वामी मंदिर में 22 कुंडों में स्नान किया और भगवान रामनाथस्वामी के विशेष मणि दर्शन किए। धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।

मदुरई में माता मीनाक्षी के दरबार में लगाई हाजिरी

रामेश्वरम के बाद श्रद्धालुओं ने मदुरई पहुंचकर माता मीनाक्षी के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेश की खुशहाली, सुख-समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना की। यात्रा के दौरान बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला और भजन-कीर्तन के माध्यम से पूरे सफर में धार्मिक माहौल बना रहा।

भोजन, आवास और चिकित्सा की मिली सुविधाएं

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क भोजन, आवास, चिकित्सा और सुरक्षा सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। देवस्थान विभाग, आईआरसीटीसी और मेडिकल टीम ने यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं में सहयोग किया।

श्रद्धालुओं ने उपलब्ध सुविधाओं की सराहना करते हुए राजस्थान सरकार का आभार जताया। यात्रियों का कहना है कि मुख्यमंत्री वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से उन्हें प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का अवसर मिला।

यह यात्रा वरिष्ठ नागरिकों के लिए धार्मिक आस्था से जुड़ने और सामूहिक रूप से तीर्थ दर्शन करने का अवसर बनी। रामेश्वरम और मदुरई के दर्शन के साथ श्रद्धालुओं ने भक्ति, उत्साह और आध्यात्मिक अनुभवों से भरी यात्रा पूरी की।

बाइट

  1. कन्हैया लाल पारीक, यात्री
  2. डॉ. रवि खिच्चड़, खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी, संगरिया
  3. सुशील शर्मा, अनुरक्षक, देवस्थान विभाग
  4. भागीरथ सुथार, यात्री, गंगानगर
  5. यात्री
M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।