9.80 करोड़ का ड्रग-वेयर हाउस एक साल से तैयार:जौनपुर में फिर भी स्वास्थ्य विभाग को नहीं मिला, हर महीने 2 लाख रुपए किराया देकर रखी जा रहीं दवाएं
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →जौनपुर के गौराबादशाहपुर नगर पंचायत क्षेत्र में करीब 9.80 करोड़ रुपए की लागत से बना ड्रग वेयर हाउस एक साल पहले तैयार हो चुका है, लेकिन अब तक स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर नहीं किया गया है। भवन उपलब्ध नहीं होने के कारण विभाग हर महीने करीब 2 लाख रुपए किराया देकर अलग मकान में दवाएं और अन्य स्वास्थ्य सामग्री रख रहा है।
टीकाकरण के लिए जरूरी वैक्सीन भी दूसरी जगह रखनी पड़ रही है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जरूरतमंदों को इलाज के लिए दवाएं और अन्य संसाधन उपलब्ध कराए जाते हैं। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग का दवा स्टोर पिछले करीब दो दशक से कुष्ठ रोग कार्यालय के पुराने और जर्जर भवन में संचालित हो रहा है।
नया वेयर हाउस बनने के बाद उम्मीद थी कि दवाओं के भंडारण की समस्या खत्म होगी, लेकिन हैंडओवर न होने से स्थिति जस की तस बनी हुई है। सीहीपुर में जमीन के बाद बदली गई जगह पहले सीहीपुर में ड्रग वेयर हाउस बनाने के लिए जमीन चिन्हित कर टेंडर की प्रक्रिया पूरी की गई थी। हालांकि, प्रस्तावित स्थल के ऊपर से बिजली की लाइन गुजर रही थी।
इसके कारण निर्माण में अतिरिक्त खर्च आने की स्थिति बनी, जिसके बाद वहां वेयर हाउस बनाने का काम रोक दिया गया। इसके बाद गौराबादशाहपुर नगर पंचायत क्षेत्र में नए ड्रग वेयर हाउस का निर्माण 6 अप्रैल 2023 को शुरू हुआ। भवन करीब एक साल पहले बनकर तैयार हो गया, लेकिन अभी तक स्वास्थ्य विभाग को सौंपा नहीं जा सका है।
भवन तैयार, बिजली कनेक्शन का इंतजार ड्रग वेयर हाउस का निर्माण पूरा हो चुका है, लेकिन अभी बिजली का काम बाकी है। कार्यदायी संस्था सीएनडीएस ने करीब एक महीने पहले बिजली विभाग को कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। विभाग की ओर से अभी तक बिजली कार्य का अनुमान तैयार नहीं किया गया है। वेयर हाउस में कोल्ड रूम और अन्य उपकरणों को संचालित करने के लिए करीब 70 किलोवाट बिजली की जरूरत होगी।
बिजली कनेक्शन न मिलने के कारण भवन का उपयोग शुरू नहीं हो पा रहा है। ढाई करोड़ के भुगतान के लिए भी पत्र सीएनडीएस के जेई आकाश कुमार यादव ने बताया कि भवन जल्द ही स्वास्थ्य विभाग को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य के बचे हुए करीब ढाई करोड़ रुपए के भुगतान के लिए भी पत्र भेजा गया है।
अब बिजली कनेक्शन और बाकी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद वेयर हाउस के संचालन का रास्ता साफ होने की उम्मीद है।
📡 स्रोत: NewsData.io