राजनीति

आध्यात्मिक चेतना और श्रेष्ठ संस्कारों से सशक्त समाज निर्माण का संदेश दे रहे उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, ब्रह्माकुमारीज़ शांतिधाम में किया राजयोग मेडिटेशन

लेखक: Sanjida Khanam अंतिम अपडेट: 9 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
आध्यात्मिक चेतना और श्रेष्ठ संस्कारों से सशक्त समाज निर्माण का संदेश दे रहे उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, ब्रह्माकुमारीज़ शांतिधाम में किया राजयोग मेडिटेशन

दीपावली आध्यात्मिक उत्सव में बोले उपमुख्यमंत्री—परमात्मा शिव से बुद्धियोग जोड़ने पर जागृत होती है आत्मा की ज्योति; संस्था की आध्यात्मिक और सामाजिक सेवाओं को बताया राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण

रीवा, 9 नवंबर। विकास के साथ आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों और सामाजिक संस्कारों को भी जीवन का आधार बनाना आवश्यक है। दीपावली का वास्तविक संदेश केवल घरों को रोशन करना नहीं, बल्कि आत्मा की ज्योति जागृत कर जीवन में ज्ञान, प्रेम, शांति और पवित्रता का प्रकाश फैलाना है। यह विचार उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने 8 नवंबर को रीवा के झिरिया स्थित ब्रह्माकुमारीज़ शांतिधाम में आयोजित दीपावली आध्यात्मिक उत्सव एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में व्यक्त किए। मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री ने राजयोग मेडिटेशन में सहभागिता की और संस्था की आध्यात्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों की सराहना की।

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि परमात्मा शिव से बुद्धियोग जोड़ने पर आत्मा में ज्ञान, प्रेम, शांति और पवित्रता का प्रकाश जागृत होता है। ब्रह्माकुमारीज़ संस्था आध्यात्मिक ज्ञान, नैतिक मूल्यों और मानवीय संस्कारों के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रही है। भारत को पुनः विश्वगुरु बनाने के संकल्प में ऐसी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श, मर्यादा, त्याग, सेवा और कर्तव्यनिष्ठा भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। रामराज्य की अवधारणा को साकार करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में प्रेम, सद्भावना और श्रेष्ठ संस्कारों का होना आवश्यक है। उन्होंने अपनी दिनचर्या का उल्लेख करते हुए बताया कि वे स्वयं नियमित रूप से मेडिटेशन करते हैं और सुबह 4 बजे ब्रह्ममुहूर्त में उठकर आध्यात्मिक अभ्यास करते हैं। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आध्यात्मिक अनुशासन व्यक्ति को सकारात्मक चिंतन और आत्मिक शांति की दिशा में प्रेरित करता है।

राजयोग मेडिटेशन में सहभागी होकर दिया आत्मिक जागृति का संदेश

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने मेडिटेशन कक्ष में राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास किया। उन्होंने बुद्धियोग को परमात्मा शिव से जोड़कर आत्मिक शांति और परमात्म अनुभूति का अनुभव किया। इस अवसर पर महालक्ष्मी देवी का विधिवत पूजन किया गया और परमपिता परमात्मा शिव बाबा को पुष्प अर्पित किए गए।

उपमुख्यमंत्री सहित उपस्थित साधकों ने पारंपरिक दीप प्रज्वलित करने के साथ अपने अंतर्मन में भी ज्ञान और सद्गुणों का दीप जलाने का संकल्प लिया। सभी ने जीवन से बुराइयों का त्याग कर प्रेम, शांति, पवित्रता और सद्भावना को व्यवहार में अपनाने का संदेश दिया।

आध्यात्मिकता और सामाजिक सेवा के समन्वय की सराहना

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कला एवं संस्कृति के माध्यम से पारिवारिक सद्भाव और सामाजिक एकता को प्रोत्साहित करने वाले ऐसे आयोजनों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए आध्यात्मिक चेतना और मानवीय मूल्यों का प्रसार जरूरी है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं ब्रह्माकुमारीज़ रीवा क्षेत्र की क्षेत्रीय संचालिका बीके लता दीदी ने कहा कि दीपावली का वास्तविक महत्व अंतर्मन को ज्ञान और आध्यात्मिक शक्तियों से प्रकाशित करने में है। राजयोग मेडिटेशन से आत्मा में शांति, पवित्रता और श्रेष्ठ संस्कार जागृत होते हैं। उन्होंने सभी से जीवन में प्रेम, सहयोग, आपसी सम्मान और सद्भावना अपनाने का आह्वान किया।

युवा प्रतिभाओं और समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता

कार्यक्रम में शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई विशिष्ट व्यक्तित्व शामिल हुए। इनमें आईटीआई प्राचार्य दीपक तिवारी, पूर्व बैंक मैनेजर शिखा चिटके और राजभान पटेल उपस्थित रहे। मध्यप्रदेश की सबसे कम उम्र की आईटीआई ट्रेनर के रूप में पहचान रखने वाली 19 वर्षीय रितिका पटेल और दूसरी सबसे कम उम्र की आईटीआई ट्रेनर 19 वर्षीय कृतिका पटेल ने भी सहभागिता की। दोनों युवा बहनों ने राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक चिंतन को नई दिशा देने का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर पचमठा धाम के ब्रह्मचारी विजय शंकर महाराज, बीके विजयदेव, अतुल जैन, डॉ. रोहित थापर, निलेश श्रीवास्तव, समाजसेवी अवधेश श्रीवास्तव, अंकु तिवारी, बीके नम्रता बहन सहित बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारीज़ परिवार के सदस्य, श्रद्धालु और मातृशक्ति उपस्थित रहे।

S
Sanjida Khanam

Sanjida Khanam डिजिटल हिंदी पत्रकारिता के साथ सामाजिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग में सक्रिय हैं।