आगजनी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अनिल पंडा, दुर्ग दिनांक = 8 अक्टूबर 2026
स्क्रिप्ट = आगजनी, छावनी
भिलाई के औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब श्री श्याम केमिकल फैक्ट्री में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्ट्री परिसर में रखे केमिकल से भरे 50 से ज्यादा ड्रम और केमिकल भरने पहुंचे दो टैंकर इसकी चपेट में आ गए। आग से उठता घना काला धुआं करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई देने से आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 11 बजे हुई। फैक्ट्री परिसर में वेल्डिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान निकली चिंगारी केमिकल के संपर्क में आने से आग भड़कने की बात सामने आ रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और फैक्ट्री के अलग-अलग हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फैक्ट्री परिसर में बड़ी मात्रा में केमिकल भरे ड्रम रखे होने के कारण आग पर काबू पाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। 50 से ज्यादा ड्रम और दो टैंकर आग की चपेट में आकर जल गए हैं। केमिकल की मौजूदगी के कारण आग लगातार भड़कने की स्थिति बनी हुई है।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमों को मौके पर भेजा गया। करीब पांच फायर ब्रिगेड वाहनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। केमिकल फैक्ट्री होने के कारण दमकलकर्मी पानी के बजाय फोम के प्रेशर का इस्तेमाल कर आग को नियंत्रित करने में जुटे हैं।
घटना के दौरान कुछ मजदूरों के घायल होने की सूचना भी सामने आई है, लेकिन फिलहाल घायलों की संख्या और उनकी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं तथा सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की आवाजाही को नियंत्रित किया जा रहा है।
फैक्ट्री से उठता काला धुआं इतना घना है कि यह करीब 5 किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के कुछ ही देर बाद पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया। फिलहाल दमकलकर्मी आग को पूरी तरह बुझाने के प्रयास में जुटे हैं। आग पर नियंत्रण के बाद ही फैक्ट्री में हुए नुकसान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का स्पष्ट आकलन हो सकेगा।
बाइट = प्रशांत सिंह पैकरा, सी एस पी छावनी, जिला दुर्ग
🎙️ जनता का संदेश का मत
भिलाई के औद्योगिक क्षेत्र में हुई आगजनी से न केवल जीवन और संपत्ति का नुकसान हुआ, बल्कि पर्यावरण पर भी गहरा असर पड़ा। ऐसी दुर्घटनाओं से बचने के लिए उद्योगों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करना चाहिए, नियमित निरीक्षण और आपातकालीन योजनाएँ तैयार रखनी चाहिए। कर्मचारियों को आपातकालीन प्रशिक्षण देना, और स्थानीय समुदाय को जागरूक करना ज़रूरी है। दुर्घटना से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना और सहायता का संदेश देते हुए, हम सभी को मिलकर सुरक्षित भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाने की प्रेरणा देते हैं।