राज्य

आगर में गूंजा हर-हर महादेव, राजाधिराज बाबा बैजनाथ की निकली शाही सवारी

लेखक: Aazam Lala अंतिम अपडेट: 2 सितंबर 2026 👁️ 12 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
आगर में गूंजा हर-हर महादेव, राजाधिराज बाबा बैजनाथ की निकली शाही सवारी

आगर-मालवा, 24 अगस्त। श्रावण मास के आखिरी सोमवार को आगर नगरी पूरी तरह भोलेनाथ की भक्ति में डूबी नजर आई। राजाधिराज बाबा बैजनाथ महादेव की भव्य शाही सवारी राजसी ठाठ-बाट के साथ निकली, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर बाबा के दर्शन किए। चांदी की आकर्षक पालकी में विराजमान बाबा बैजनाथ की एक झलक पाने के लिए मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

शाही सवारी के दौरान पूरा शहर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयकारों से गूंजता रहा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पालकी पर पुष्पवर्षा कर बाबा का स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों, आकर्षक धार्मिक झांकियों और अखाड़ा मंडलियों ने शाही सवारी की भव्यता में चार चांद लगा दिए।

ब्रह्म मुहूर्त में हुआ बाबा का अभिषेक

शाही सवारी से पूर्व ब्रह्म मुहूर्त में कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने सपत्नीक तथा पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने बाबा बैजनाथ महादेव का जलाभिषेक एवं पंचामृत अभिषेक किया। इस दौरान जिले की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की गई।

शाही सवारी रवाना होने से पहले सांसद महेन्द्र सिंह सोलंकी, आगर विधायक माधव सिंह मधु गहलोत, सुसनेर विधायक भैरु सिंह परिहार बापू सहित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और मंदिर प्रबंध समिति के सदस्यों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर महाआरती की। इसके बाद जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर और एसपी ने पालकी को कंधा देकर शाही सवारी को रवाना किया।

बाबा को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर

बाबा को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर
बाबा को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर

राजाधिराज बाबा बैजनाथ महादेव की शाही सवारी के अवसर पर मंदिर परिसर में मध्यप्रदेश पुलिस की सशस्त्र टुकड़ी ने बाबा को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। वहीं कोटा रोड स्थित जिला जेल के सामने जेल विभाग की टुकड़ी ने भी बाबा की अगवानी करते हुए सलामी दी।

अखाड़ों के करतब बने आकर्षण

अखाड़ों के करतब बने आकर्षण
अखाड़ों के करतब बने आकर्षण

शाही सवारी में शामिल विभिन्न झांकियों, अखाड़ा मंडलियों और कलाकारों के रोमांचक करतबों ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती सवारी के दौरान श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया।

रात्रि में शाही सवारी पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर पहुंची, जहां भक्त मंडल की ओर से विशाल भंडारे और महाप्रसादी का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की।

सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए। व्यवस्थित यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के चलते आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस दौरान एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयत, एसडीएम मिलिंद ढोके, एसडीओपी मोतीलाल कुशवाह, डिप्टी कलेक्टर कमल मंडलोई, तहसीलदार विजय सेनानी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे।

श्रावण के अंतिम सोमवार पर आगर में आस्था, भक्ति और अध्यात्म का अद्भुत नजारा देखने को मिला। बाबा बैजनाथ की शाही सवारी ने पूरे शहर को शिवभक्ति के रंग में रंग दिया और हजारों श्रद्धालु इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन के साक्षी बने।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

आगर में राजाधिराज बाबा बैजनाथ की शाही सवारी भक्ति के रंग में डूबी, जहाँ हजारों श्रद्धालुओं ने चांदी की पालकी में बाबा के दर्शन के लिए उमड़ पड़े। यह घटना धार्मिक उत्सव के दौरान शहर के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को दर्शाती है। खबर का महत्व इसलिए है क्योंकि यह आगर की धार्मिक परंपराओं और सामाजिक एकता को उजागर करती है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। आम जनता के लिए यह प्रेरणा का स्रोत बन सकती है, जिससे लोगों में श्रद्धा, एकजुटता और सांस्कृतिक पहचान को बल मिलता है।

A
Aazam Lala

आज़म लाला भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो लंबे समय से जनसमस्याओं और सामाजिक मुद्दों को अपनी पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाते हैं। वे जमीनी स्तर की खबरों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाते हैं।