आजमगढ़ में हाईवे किनारे खड़े वाहनों से डीजल चोरी:चार आरोपियों को किया गया गिरफ्तार, रात्रि 1 बजे से सुबह 4 बजे तक घटना को देते थे अंजाम
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →लआजमगढ़ जिले के गम्भीरपुर पुलिस ने हाईवे किनारे खड़े ट्रकों और अन्य वाहनों से डीजल चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से पिकअप वाहन, कूटरचित नंबर प्लेट, डीजल चोरी करने के उपकरण, 50 लीटर डीजल, 14 खाली जरीकेन और 9,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
मामले का खुलासा करते हुए एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि गिरोह के सदस्यों ने आजमगढ़ के गम्भीरपुर, निजामाबाद, मुबारकपुर और कप्तानगंज थाना क्षेत्रों में डीजल चोरी की चार घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। दो अक्टूबर की रात ग्राम थनौली के पास प्रधान बिल्डिंग मैटेरियल के सामने खड़े ट्रक से करीब 150 लीटर डीजल चोरी किया गया था।
ट्रक मालिक अरविन्द यादव की तहरीर पर गम्भीरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस टीम रोहुआ तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि हाईवे किनारे खड़े वाहनों से डीजल चोरी करने वाला गिरोह पिकअप वाहन में जरीकेन और चोरी के उपकरण लेकर बरवां मोड़ के पास मौजूद है।
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर पिकअप में बैठे चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मऊ गोरखपुर के रहने वाले हैं आरोपी गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शैलेन्द्र राजभर निवासी बाऊडीह थाना मधुबन, मऊ, अक्षय कुमार निवासी बहोरनपुर थाना मधुबन, मऊ, चन्द्रिका निवासी रसूलपुर आश्रम थाना दोहरीघाट, मऊ और संजय कुमार निवासी गोपालपुर थाना गोला, गोरखपुर के रूप में हुई।
इसके साथ ही आरोपियों की पिकअप पर UP54AT7843 नंबर की कूटरचित नंबर प्लेट लगी थी। ई-चालान ऐप पर जांच करने पर यह नंबर एक ई-रिक्शा के नाम पंजीकृत मिला। चेसिस नंबर की जांच से पिकअप का वास्तविक नंबर UP54AT7343 सामने आया, जो आरोपी अक्षय कुमार के नाम पंजीकृत है। पिकअप की तलाशी में प्लास्टिक की पाइप, हथौड़ी, छेनी, 50 लीटर डीजल से भरी जरीकेन और 14 खाली जरीकेन बरामद हुए।
आरोपियों की तलाशी में 9,500 रुपये नकद मिले। गिरफ्तार आरोपियों में अक्षय कुमार का आपराधिक इतिहास सबसे लंबा है। उसके खिलाफ आजमगढ़, मऊ, बलिया और गाजीपुर समेत विभिन्न थानों में चोरी, वाहन संबंधी अपराध, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, आबकारी अधिनियम सहित कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं संजय कुमार के खिलाफ भी आजमगढ़, मऊ और गोरखपुर जनपदों में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ गम्भीरपुर थाने में दर्ज मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के लिए भेज दिया।
📡 स्रोत: NewsData.io