अपराध

आकाशवाणी भवन में धरना देने पर राहुल, प्रियंका समेत कई नेताओं पर FIR

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 10 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
आकाशवाणी भवन में धरना देने पर राहुल, प्रियंका समेत कई नेताओं पर FIR

अक्टूबर 07, नई दिल्ली: नई दिल्ली में कल चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान आकाशवाणी भवन के परिसर में बिना अनुमति के दाखिल होने और वहां धरना देने के मामले में दिल्ली पुलिस ने कड़ा संज्ञान लिया है। पुलिस ने आज कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और विपक्षी दलों के कई अन्य सांसदों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

इंडिया गठबंधन के नेताओं ने मंगलवार को संसद भवन से निर्वाचन सदन तक विरोध मार्च निकाला था।। पुलिस का कहना है कि इस प्रस्तावित प्रदर्शन और मार्च के लिए कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी और न ही अनुमति दी गई थी। जब प्रदर्शनकारियों को चुनाव आयोग कार्यालय के पास बैरिकेड्स लगाकर रोका गया, तो कई नेता और सांसद वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए थे।

पुलिस का आरोप है कि रोके जाने के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी अन्य विपक्षी सांसदों के साथ संसद मार्ग स्थित आकाशवाणी भवन के परिसर में बिना किसी पूर्व अनुमति के घुस गए। आकाशवाणी भवन के अंदर दाखिल होकर नेताओं ने परिसर के भीतर ही धरना शुरू कर दिया। यह धरना लगभग आठ घंटे से अधिक समय तक चला।

आकाशवाणी भवन के अंदर चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद दिल्ली पुलिस ने परिसर को खाली कराने के लिए कार्रवाई की, और राहुल, प्रियंका और अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया। इन नेताओं को किंग्सवे कैंप स्थित न्यू पुलिस लाइंस ले जाया गया, जहं बाद में सभी नेताओं को रिहा कर दिया गया। दिल्ली पुलिस का कहना है कि एक संवेदनशील और प्रतिबंधित सरकारी इमारत के परिसर में बिना अनुमति प्रवेश करना और प्रदर्शन करना नियमों का उल्लंघन है।

इसी के तहत कानून व्यवस्था के उल्लंघन और अनधिकृत प्रवेश के संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

FILE PHOTO

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।