आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के हितों का संरक्षण राज्य सरकार की प्राथमिकता : मंत्री सुश्री भूरिया
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
मंत्री सुश्री भूरिया सोमवार को मंत्रालय में भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) से संबद्ध मध्यप्रदेश आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ आयोजित बैठक में चर्चा कर रही थीं। बैठक में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की लंबित मांगों, सेवा संबंधी समस्याओं तथा कार्य परिस्थितियों में सुधार के विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
प्रतिनिधिमंडल ने मानदेय में वृद्धि, नियमितीकरण, कार्यस्थल पर सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाओं सहित विभिन्न प्रशासनिक विषयों से संबंधित मांग पत्र मंत्री सुश्री भूरिया को सौंपा। मंत्री ने प्रतिनिधियों की मांगों को गंभीरता से सुना और विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक विषय का नियमानुसार परीक्षण कर व्यावहारिक समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन प्रकरणों का समाधान विभागीय स्तर पर संभव है, उनमें प्रक्रियात्मक विलंब न हो तथा आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए बेहतर कार्य वातावरण तथा कल्याणकारी सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक में संघ के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याओं और सुझावों को विस्तार से रखा। प्रतिनिधिमंडल ने विभाग द्वारा किए जा रहे कल्याणकारी प्रयासों तथा विभिन्न मांगों के संबंध में दिए गए स्पष्टीकरणों पर संतोष व्यक्त किया।