राज्य

आशा सहयोगियों का सम्मान

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 27 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
आशा सहयोगियों का सम्मान

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भेजा विशेष संदेश, पाकर हुई उत्साहित

श्रीगंगानगर,27 सितंबर। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से तीन दिवसीय आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली आशा सहयोगिनियों का सम्मान किया गया तथा मुख्यमंत्री का संदेश देकर उन्हें जनसेवा के लिए प्रेरित किया गया।

सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला ने कहा कि आशा सहयोगिनियां स्वास्थ्य विभाग और आमजन के बीच सबसे मजबूत कड़ी हैं। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, नियमित टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, परिवार कल्याण, पोषण तथा संक्रामक रोगों की रोकथाम जैसी स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने में उनका योगदान अत्यंत सराहनीय है। यही वजह है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संदेश के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण में आशा सहयोगिनियों की भूमिका, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के संकल्प को दोहराया गया।

विभिन्न कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा सहयोगिनियों को सम्मानित कर उनके सेवा, समर्पण और मेहनत की सराहना की गई। साथ ही उन्हें समुदाय में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, गर्भवती महिलाओं की समय पर जांच सुनिश्चित करने, बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।