देश

आस्था को अवसर और परंपरा को आधुनिकता से जोड़ेगी ट्रेन: पीएम मोदी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 31 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
आस्था को अवसर और परंपरा को आधुनिकता से जोड़ेगी ट्रेन: पीएम मोदी

Date- 31 Oct 2026, Narmada, Gujarat

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वाराणसी से उत्तर प्रदेश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के शुभारंभ से पहले लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि काशी से प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद होते हुए नई दिल्ली तक चलने वाली यह ट्रेन लाखों श्रद्धालुओं, पर्यटकों, युवाओं और व्यापारियों की यात्रा को सुगम बनाएगी।

इन स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन

मंत्रालय के अनुसार, यह ट्रेन वाराणसी से चलकर प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद होते हुए नई दिल्ली पहुंचेगी। ये स्टेशन प्रमुख शहरी केंद्रों को जोड़ने के साथ आसपास के जिलों को भी रेल संपर्क उपलब्ध कराते हैं। इससे आधुनिक रेल यात्रा की सुविधा अधिक से अधिक यात्रियों तक पहुंच सकेगी।

रात में चलेगी ट्रेन, सुबह पहुंचेगी दिल्ली

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन वाराणसी से रात 8 बजकर 50 मिनट पर रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में यह नई दिल्ली से रात 9 बजकर 40 मिनट पर रवाना होकर अगले दिन सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर वाराणसी पहुंचेगी।

शिव गंगा एक्सप्रेस से कम लगेगा समय

रेल मंत्रालय के बयान के मुताबिक, मौजूदा शिव गंगा एक्सप्रेस की तुलना में वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस वाराणसी से नई दिल्ली की यात्रा में 55 मिनट और नई दिल्ली से वाराणसी की यात्रा में 35 मिनट की बचत करेगी। इससे दोनों दिशाओं में यात्रियों को रात के सफर के लिए तेज विकल्प मिलेगा।

सप्ताह में छह दिन होगा संचालन

यह सेवा सप्ताह में छह दिन चलेगी। वाराणसी से चलने वाली ट्रेन शुक्रवार को और नई दिल्ली से चलने वाली ट्रेन शनिवार को नहीं चलेगी

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।