आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें बालिकाएं : जिला कलक्टर
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
बारां में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर जिला स्तरीय सम्मान समारोह, 150 मेधावी छात्राओं और 25 शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान
बारां, 11 अक्टूबर। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर समग्र शिक्षा अभियान के तत्वावधान में जिला स्तरीय बालिका सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विवान होटल एंड रिसोर्ट में आयोजित समारोह में जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा ने बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निखारने का संदेश दिया। समारोह में शिक्षा, खेलकूद, आत्मरक्षा और मीना मंच सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली जिले की 150 मेधावी बालिकाओं तथा 25 शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा ने कहा कि बालिकाएं अपना आत्मविश्वास बनाए रखें और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करें। उन्होंने बालिकाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने, प्रतिभा को निखारने और जीवन में नए अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। समारोह की अध्यक्षता मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गेंदालाल रैगर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी पूनम पाटनी और जिला रसद अधिकारी प्रिया शर्मा उपस्थित रहीं। दोनों अधिकारियों ने बालिकाओं को सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतने तथा अपनी योग्यता और क्षमताओं को आगे बढ़ाने की सीख दी।
मीडिया प्रभारी ओमप्रकाश गुप्ता और समग्र शिक्षा के कार्यक्रम अधिकारी मुकेश कुमार नागर ने बताया कि समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डीईओ मुख्यालय माध्यमिक सीताराम गोयल, एडीईओ हरिमोहन गालव, एपीसी गंगाप्रसाद मीणा, दशरथ सुवानिया, सीबीईओ गायत्री मीणा (अंता), सीबीईओ कालूलाल मीणा (अटरू) और सीईओ स्काउट सुनीता मीणा मंचासीन रहे।
समारोह के दौरान बालिकाओं ने आत्मरक्षा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। गजनपुरा की बालिकाओं ने प्रशिक्षक पूनम गौतम और जेहरा परवीन के निर्देशन में आत्मरक्षा का प्रदर्शन किया। वहीं, कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने बाल विवाह रोकथाम और 'बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ' विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में गतिका धाकड़ ने तलवारबाजी का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। गजनपुरा स्कूल के विद्यार्थियों ने निकिता शर्मा और ममता जैन के नेतृत्व में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बालिकाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूकता की झलक देखने को मिली।
समारोह में सहायक आचार्य शालिनी मंगल, एएओ विकास पंकज, अध्यापिका ममता शर्मा, मनोज जैन, अनूप चोपड़ा और सतीश सोनी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। जिले के सभी ब्लॉकों से छात्राओं और शिक्षिकाओं ने भी भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन कैलाश नारायण और सीमा नागर ने किया। समारोह के माध्यम से बालिका शिक्षा, आत्मनिर्भरता, आत्मरक्षा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
सम्मानित बालिकाओं की उपलब्धियों ने अन्य छात्राओं को भी अपनी प्रतिभा पहचानने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।