खेल

अगले तीन वर्षों में ग्रामीण क्षेत्रों में 50 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य होंगे: मुख्यमंत्री

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 28 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
अगले तीन वर्षों में ग्रामीण क्षेत्रों में 50 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य होंगे: मुख्यमंत्री

जयपुर, 28 सितंबर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों में आगामी तीन वर्षों में 50 हजार करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए जाएंगे। इसके लिए राज्य सरकार ने रोडमैप तैयार किया है और प्रत्येक ग्राम पंचायत में विकास कार्य सुनिश्चित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री सोमवार को भरतपुर जिले के बयाना में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने भरतपुर संभाग के पांच जिलों के लिए 993 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। किसान और गरीब परिवारों के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि गांव, उपखंड और जिला स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध होने से लोगों को काम के लिए अन्य स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि प्रत्येक गांव में खेल मैदान और हर उपखंड स्तर पर स्टेडियम विकसित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि गांवों को मुख्य सड़कों से जोड़ने का काम तेजी से चल रहा है और किसानों के खेत तथा गरीबों के घर तक बिजली पहुंचाना सरकार का संकल्प है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 12 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन हुआ है।

मुख्यमंत्री ने पर्यटन और धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने को सामूहिक जिम्मेदारी बताया और कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

सभा में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप लगाया।

कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेड़म, स्थानीय विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभा के बाद मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से संवाद किया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।