व्यापार

अगस्त में निर्यात में पिछले साल की तुलना में 25.41% की बढ़ोतरी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 15 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
अगस्त में निर्यात में पिछले साल की तुलना में 25.41% की बढ़ोतरी

सितंबर 15, नई दिल्ली: भारत के निर्यात क्षेत्र ने अगस्त महीने में बेहतर प्रदर्शन दर्ज किया है। वाणिज्य सचिव के अनुसार, अगस्त में देश के निर्यात में पिछले साल के इसी महीने की तुलना में 25.41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वाणिज्य सचिव ने बताया कि यह पहली बार है जब मूल्य के आधार पर निर्यात की वृद्धि दर आयात से अधिक रही है।

अगस्त में निर्यात में करीब 9 अरब डॉलर से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई, जबकि आयात में वृद्धि 9 अरब डॉलर से कम रही। व्यापार घाटे के मोर्चे पर भी सुधार देखने को मिला है। अगस्त में वस्तु व्यापार घाटा घटकर 26.86 अरब डॉलर रह गया, जबकि पिछले साल अगस्त में यह 27.20 अरब डॉलर था।वहीं, कुल व्यापार घाटा भी कम होकर 9.41 अरब डॉलर रहा, जो पिछले साल इसी अवधि में 11.62 अरब डॉलर था।

चालू वित्त वर्ष के पहले पांच महीनों में भी निर्यात का प्रदर्शन मजबूत रहा है। अप्रैल से अगस्त के बीच वस्तु निर्यात 17.85 प्रतिशत बढ़कर 215.91 अरब डॉलर पहुंच गया। वहीं, वस्तु और सेवा निर्यात को मिलाकर कुल निर्यात में 15.55 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह 399.37 अरब डॉलर तक पहुंच गया।

वाणिज्य सचिव ने कहा कि निर्यात में बढ़ोतरी, आयात की तुलना में बेहतर प्रदर्शन और व्यापार घाटे में कमी भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत हैं।

फोटो- प्रतीकात्मक तस्वीर

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।