राजनीति

अघोषित बिजली कटौती के विरोध में 21 अक्टूबर को झिरन्या में धरना-प्रदर्शन, बिजली विभाग का होगा घेराव

लेखक: Lala Jamalkar अंतिम अपडेट: 17 अक्टूबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
अघोषित बिजली कटौती के विरोध में 21 अक्टूबर को झिरन्या में धरना-प्रदर्शन, बिजली विभाग का होगा घेराव

विधायक झूमा सोलंकी के नेतृत्व में जुटेंगे किसान, 10 घंटे बिजली और सिंचाई परियोजना का काम पूरा कराने की मांग

खरगोन/झिरन्या। क्षेत्र में अघोषित विद्युत कटौती, सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिलने और किसानों की अन्य समस्याओं को लेकर 21 अक्टूबर 2026, बुधवार को सुबह 11 बजे झिरन्या में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। भीकनगांव विधायक श्रीमती झूमा सोलंकी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के बाद बिजली विभाग का घेराव कर समस्याओं के निराकरण की मांग की जाएगी। कार्यक्रम का आह्वान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी झिरन्या, आमापुरी और तितरानिया ने संयुक्त रूप से किया है।

कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार, लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से किसानों को सिंचाई में परेशानी हो रही है और खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। प्रदर्शन में क्षेत्र के किसान, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल होकर इन मुद्दों को उठाएंगे।

प्रदर्शन के दौरान बिजलवाड़ा सिंचाई परियोजना के अधूरे कार्य जल्द पूरे कर किसानों को समय पर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने, अघोषित बिजली कटौती बंद करने और प्रतिदिन 10 घंटे बिजली देने की मांग की जाएगी। इसके अलावा जले हुए ट्रांसफार्मर और विद्युत केबल तत्काल बदलने, आगामी रबी सीजन में गेहूं की फसल के लिए पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने, महंगाई पर अंकुश लगाने तथा क्षेत्र को सूखा प्रभावित घोषित कर किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग भी रखी जाएगी।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी झिरन्या के अध्यक्ष बलवीरसिंह भाटिया, आमापुरी के अध्यक्ष प्रवीणसिंह तोमर और तितरानिया के अध्यक्ष मोहनसिंह वास्कले ने किसानों, कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। कांग्रेस पदाधिकारियों का कहना है कि किसानों के हितों और उनकी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।

कार्यक्रम: 21 अक्टूबर 2026, बुधवार, सुबह 11 बजे, झिरन्या। नेतृत्व विधायक श्रीमती झूमा सोलंकी करेंगी। आयोजन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी झिरन्या, आमापुरी और तितरानिया द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।

— वॉइस ऑफ क्रांति न्यूज़, खरगोन से लाला जामलकर की रिपोर्ट

L
Lala Jamalkar

लाला जमालकर खरगोन के वरिष्ठ पत्रकार और लेखक हैं। लंबे समय से क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और सामाजिक सरोकारों को अपनी लेखनी के माध्यम से सामने ला रहे हैं। उनका अनुभव और जमीनी पत्रकारिता महत्वपूर्ण है।