ऐतिहासिक सोनपुर मेले का आज होगा भव्य उद्घाटन, मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
एशिया के प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले के उद्घाटन की तैयारियां पूरी, मुख्यमंत्री बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद करेंगे दीप प्रज्वलन।
22 नवंबर , सोनपुर (सारण, बिहार) : एशिया के प्रसिद्ध ऐतिहासिक हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का आज भव्य उद्घाटन होगा। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दीप प्रज्वलित कर मेले का विधिवत शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन समारोह को लेकर सारण जिला प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री, कला एवं संस्कृति मंत्री और स्थानीय सांसद भी समारोह में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
मेले के उद्घाटन को लेकर मुख्य मंच को भव्य तरीके से सजाया गया है। मंच पर दीप प्रज्वलन की विशेष व्यवस्था की गई है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मेला परिसर और आसपास के इलाकों में जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई है।
मुख्यमंत्री के आगमन और उद्घाटन समारोह को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री को देखने और उनका संबोधन सुनने के लिए मुख्य मंच के सामने बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं। इनमें महिलाओं की भी अच्छी-खासी भागीदारी देखने को मिल रही है।
बता दें कि ऐतिहासिक सोनपुर मेला 22 नवंबर से शुरू होकर 23 दिसंबर तक चलेगा। लगभग एक महीने तक चलने वाले इस मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से व्यापारी, कलाकार, श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। यह मेला अपनी ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक पहचान के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है।