अजमेर के अस्पताल में महिला की मौत पर हंगामा, परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अजमेर के क्षेत्रपाल अस्पताल में 59 वर्षीय कैंसर पीड़ित महिला की मौत के बाद परिजनों ने मेडिकल स्टाफ पर लापरवाही और जीवन रक्षक मशीनें काम नहीं करने के आरोप लगाए। वहीं, अस्पताल प्रशासन ने आरोपों को खारिज करते हुए कार्डियक अरेस्ट से मौत होने की बात कही है।
अजमेर, 14 नवंबर। अजमेर स्थित क्षेत्रपाल अस्पताल में 59 वर्षीय महिला मरीज की मौत के बाद विवाद खड़ा हो गया है। किशनगढ़ निवासी सुमित्रा देवी गले के कैंसर से पीड़ित थीं और अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और मेडिकल स्टाफ पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। वहीं, अस्पताल प्रशासन ने इन आरोपों को खारिज किया है।
मृतका के बेटे सुनील के अनुसार, कैंसर के उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उनकी मां के गले में छेद कर एक नली डाली थी। परिजनों का आरोप है कि इस नली में कफ जमा होने से महिला को सांस लेने में परेशानी होने लगी। मृतका की बहू सुनीता ने बताया कि स्थिति बिगड़ने पर उन्होंने अस्पताल के महिला और पुरुष स्टाफ को बुलाया।
परिजनों का दावा है कि स्टाफ ने कफ निकालने वाली सक्शन मशीन और ऑक्सीजन चालू करने का प्रयास किया, लेकिन मशीन 15 से 20 मिनट तक काम नहीं कर पाई। उनका आरोप है कि मशीन खराब होने और स्टाफ को उसे संचालित करने की जानकारी नहीं होने के कारण समय पर उपचार नहीं मिल सका। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि बार-बार कहने के बावजूद किसी वरिष्ठ डॉक्टर को मौके पर नहीं बुलाया गया।
दूसरी ओर, अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. प्रकाश चौधरी ने परिजनों के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने बताया कि मरीज आहार नली और सांस की नली के जंक्शन पर कैंसर से पीड़ित थीं। इस वजह से खाने-पीने की चीजें फेफड़ों और सांस की नली में जाने का खतरा था। इसी समस्या से बचाव के लिए मरीज की ट्रेकियोस्टोमी की गई थी।
डॉ. चौधरी के अनुसार, रात 9 से 10 बजे तक मरीज की स्थिति सामान्य थी, लेकिन रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच अचानक कार्डियक अरेस्ट हो गया। अस्पताल प्रोटोकॉल के तहत तत्काल कोड ब्लू घोषित कर सीपीआर दिया गया और मरीज को आईसीयू में शिफ्ट किया गया। डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
अस्पताल प्रशासन ने सक्शन मशीन खराब होने और मेडिकल स्टाफ की लापरवाही के आरोपों को पूरी तरह नकार दिया है। फिलहाल महिला की मौत को लेकर परिजनों के आरोप और अस्पताल प्रशासन के स्पष्टीकरण के बीच विवाद बना हुआ है।
बाइट - सुनीता मृतका की बहू बाइट — सुनील
बाइट — डॉ प्रकाश चौधरी मेडिकल सुपरिटेंडेंट
💡 पृष्ठभूमि (Background)
अजमेर के क्षेत्रपाल अस्पताल में 59 वर्षीय कैंसर रोगी की मृत्यु पर परिवार ने लापरवाही और उपकरण विफलता के आरोप लगाए, जबकि अस्पताल ने कार्डियक अरेस्ट का दावा किया। यह घटना अस्पतालों में चिकित्सा उपकरणों की विश्वसनीयता और स्टाफ के कर्तव्यों पर सवाल उठाती है। ऐसी विवादास्पद मौतें चिकित्सा सेवा में सार्वजनिक विश्वास को प्रभावित करती हैं। यदि अस्पतालों की जवाबदेही पर भरोसा घटता है, तो रोगी और परिवार अस्पताल चुनते समय सतर्क हो सकते हैं, और स्वास्थ्य प्राधिकरणों को निरीक्षण और सुधार की मांग बढ़ सकती है।