विदेश

अमेरिका के लॉस एंजिल्स में 5.0 तीव्रता का भूकंप, एयरपोर्ट की खिड़कियां टूटीं; फ्लाइट की लैंडिंग टली

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 29 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
अमेरिका के लॉस एंजिल्स में 5.0 तीव्रता का भूकंप, एयरपोर्ट की खिड़कियां टूटीं; फ्लाइट की लैंडिंग टली

अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित लॉस एंजिल्स में शनिवार सुबह भूकंप के तेज झटकों से अफरा-तफरी मच गई.

रिक्टर स्केल पर 5.0 तीव्रता के इस भूकंप का असर शहर के कई इलाकों में महसूस किया गया.

झटकों के कारण लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट (LAX) के टर्मिनल में कुछ खिड़कियां टूट गईं और छत के कुछ हिस्सों को भी नुकसान पहुंचने की खबर है.

इस दौरान रनवे के पास पहुंच चुके एक यात्री विमान को लैंडिंग से ठीक पहले वापस हवा में ले जाना पड़ा. भूकंप के बाद कई आफ्टरशॉक्स भी दर्ज किए गए.

हालांकि, शुरुआती जानकारी के मुताबिक किसी बड़े नुकसान या गंभीर चोट की खबर सामने नहीं आई है.

मैनहट्टन बीच के पास था भूकंप का केंद्र अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र लॉस एंजिल्स के पास समुद्र तट पर स्थित मैनहट्टन बीच से करीब 5 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में था.

स्थानीय समय के अनुसार शनिवार सुबह लगभग 9:30 बजे धरती में कंपन महसूस किया गया। इसकी गहराई करीब 12 किलोमीटर बताई गई है. भूकंप के झटके लॉस एंजिल्स के अलावा आसपास के कई इलाकों में भी महसूस किए गए.

कई जगहों पर घरों और इमारतों में रखी चीजें हिलने लगीं और वाहनों के अलार्म बज उठे। शुरुआती झटके के बाद क्षेत्र में कई छोटे भूकंप भी दर्ज किए गए.

लैंडिंग से पहले विमान को वापस हवा में ले जाना पड़ा भूकंप के दौरान लॉस एंजिल्स एयरपोर्ट पर एक बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला.

डेल्टा एयरलाइंस की फ्लाइट 1972 रनवे पर उतरने की तैयारी कर रही थी, तभी एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने पायलट को लैंडिंग रोकने का निर्देश दिया.

कंट्रोल टावर से भूकंप की जानकारी देते हुए विमान को दोबारा हवा में ऊपर ले जाने यानी 'गो अराउंड' की प्रक्रिया अपनाने को कहा गया. इसके बाद विमान ने रनवे पर उतरने के बजाय अपना रास्ता बदल लिया.

सुरक्षा जांच के बाद विमान की लैंडिंग कराई गई.

एयरपोर्ट के टर्मिनल में टूटीं खिड़कियां भूकंप के झटकों से लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कुछ हिस्सों में नुकसान हुआ.

टर्मिनल की कई खिड़कियों के शीशे टूटने और छत से कुछ टाइलें नीचे गिरने की जानकारी सामने आई है. अचानक हुए कंपन से एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों में घबराहट फैल गई.

घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एयरपोर्ट और आसपास के बुनियादी ढांचे का निरीक्षण शुरू किया. शुरुआती जांच में किसी बड़े ढांचागत नुकसान की पुष्टि नहीं हुई.

रिफाइनरी से उठता दिखा धुआं, सामने आई यह वजह भूकंप के कुछ देर बाद एल सेगुंडो स्थित शेवरॉन रिफाइनरी के ऊपर आग की लपटें और काला धुआं दिखाई दिया.

इससे आसपास के इलाकों में चिंता बढ़ गई। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह भूकंप से रिफाइनरी में लगी आग नहीं थी. दरअसल, भूकंप के दौरान रिफाइनरी की स्वचालित सुरक्षा प्रणाली सक्रिय हो गई थी.

इसके तहत अतिरिक्त गैस को नियंत्रित तरीके से जलाने की प्रक्रिया अपनाई गई, जिसे सेफ्टी फ्लेयरिंग कहा जाता है.

अधिकारियों के मुताबिक, यह एक सुरक्षा प्रक्रिया थी और इससे आसपास के लोगों को कोई खतरा नहीं था. 106 फायर स्टेशनों को किया गया सक्रिय भूकंप के बाद लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट ने आपातकालीन प्रतिक्रिया व्यवस्था सक्रिय कर दी.

शहर के सभी 106 फायर स्टेशनों से कर्मचारियों को संभावित नुकसान का जायजा लेने के लिए तैनात किया गया. अधिकारियों ने सड़कों, इमारतों और जरूरी सुविधाओं का निरीक्षण किया.

शुरुआती आकलन में किसी बड़े नुकसान या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं मिली. इसके बाद विभाग ने अपनी आपातकालीन स्थिति को सामान्य कर दिया.

भूकंप के बाद कई आफ्टरशॉक्स, सुनामी का खतरा नहीं मुख्य भूकंप के बाद लॉस एंजिल्स और आसपास के इलाकों में कई आफ्टरशॉक्स महसूस किए गए. इनमें से कुछ की तीव्रता 3 से अधिक दर्ज की गई.

विशेषज्ञों ने लोगों को आने वाले समय में और झटके महसूस होने की संभावना को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है.

वहीं, अमेरिकी सुनामी चेतावनी केंद्र ने स्पष्ट किया कि इस भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं है. प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।