राज्य

अमित शाह के अरुणाचल दौरे का दूसरा दिन, 5610 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 22 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
अमित शाह के अरुणाचल दौरे का दूसरा दिन, 5610 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

नवंबर 22, नई दिल्ली: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के अरुणाचल प्रदेश दौरे का आज दूसरा दिन है। वे आज राजधानी ईटानगर में आयोजित सहकारिता समारोह में शामिल होंगे और राज्य को 5,610.95 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इस दौरान अमित शाह 'अरुणाचल प्रदेश कोऑपरेटिव विजन 2047' का अनावरण करेंगे और उत्कृष्ट सहकारी समितियों को सम्मानित करेंगे।

समारोह में नामसाई डेयरी सहकारी समिति, लोअर सुबनसिरी मत्स्य कृषक सहकारी समिति, केमली LAMPS और जांग LAMPS को विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा सहकारी संस्थाओं को वित्तीय सहायता, माइक्रो-एटीएम और बीज मिनीकिट जैसी सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।

वे मिशन शिक्षित अरुणाचल-फेज II, विद्युत विकास और ग्रामीण सड़क विकास कार्यक्रम का शुभारंभ भी करेंगे। इसके अलावा वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत 11 सीमावर्ती जिलों में 199 परियोजनाओं की शुरुआत होगी। गृह मंत्री रागा LAMPS में अन्न भंडारण गोदाम का उद्घाटन और ग्रामीण आजीविका मिशन के उत्पादों के लिए ई-कॉमर्स वेबपेज लॉन्च करेंगे।

वे मोबाइल मेडिकल वैन को हरी झंडी दिखाने के साथ सरस मेले का उद्घाटन भी करेंगे। कार्यक्रम में अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, उप मुख्यमंत्री चौना में और राज्य के कृषि मंत्री गैब्रियल डेनवांग वांगसू सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे। अमित शाह का यह दौरा अरुणाचल प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने, ग्रामीण आजीविका के अवसर बढ़ाने और शिक्षा, बिजली, सड़क तथा सीमावर्ती क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे को विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

फाइल फोटो- अमित शाह, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।