अनिल यादव गोलीकांड का खुलासा, चुनावी रंजिश में साजिश का दावा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
Marking : Lead All
अनिल यादव गोलीकांड का खुलासा, चुनावी रंजिश में साजिश का दावा
पटना में पूर्व वार्ड पार्षद अनिल यादव पर गोलीकांड में चार आरोपी गिरफ्तार हुए। पुलिस के अनुसार, चुनावी रंजिश में साजिश रची गई थी। अन्य शूटरों की तलाश जारी है।
01 अक्टूबर , पटना (पटना, बिहार) : पूर्व वार्ड पार्षद अनिल यादव पर हुए गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, वार्ड पार्षद के चुनाव को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश के कारण अनिल यादव को निशाना बनाया गया। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि घटना में शामिल अन्य आरोपियों और शूटरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
सेंट्रल एसपी ममता कल्याणी ने बताया कि अनिल यादव और शंकर राय एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं। पुलिस जांच में दोनों के बीच वार्ड पार्षद के चुनाव को लेकर विवाद और चुनावी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश के चलते शंकर राय ने राहुल साहनी से संपर्क किया था। इसके बाद राहुल साहनी ने कथित तौर पर अनिल यादव को निशाना बनाने की साजिश तैयार की।
पुलिस के मुताबिक, घटना को अंजाम देने के लिए शूटरों को अलग-अलग माध्यमों से घटनास्थल तक पहुंचाया गया। जांच में सामने आया है कि एक शूटर बाइक से सीधे मौके पर पहुंचा था। वहीं, दो अन्य शूटरों को राहुल साहनी के निर्देश पर उसके स्टाफ चंदन ने ऑटो से घटनास्थल के आसपास पहुंचाया। पुलिस के अनुसार, ऑटो चालक शम्भू ने दोनों को मंदिर के पास उतारा, जिसके बाद वे कुछ दूरी तक पैदल गए और चोरी की बाइक के माध्यम से घटनास्थल तक पहुंचे।
पुलिस ने बताया कि कथित साजिश में अमित की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए हथियारों के साथ एक ऑटो भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, एक पिस्टल और एक कट्टा भी बरामद हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में राहुल साहनी उर्फ नीरज के आपराधिक इतिहास की जानकारी सामने आई है। उसके खिलाफ आठ से अधिक मामले दर्ज होने की बात कही गई है। पुलिस के अनुसार, वह वर्ष 2012 से आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा रहा है। वर्तमान में वह राजीव नगर रोड नंबर-20 में पूजा-पाठ से संबंधित मिट्टी की सामग्री की दुकान चलाता था। चंदन उसी दुकान में स्टाफ के तौर पर काम करता था। पुलिस ने चंदन के पूर्व में शूटर के रूप में शामिल होने की बात भी कही है।
जांच के दौरान पुलिस अन्य आपराधिक मामलों से भी आरोपियों के संभावित संबंधों की पड़ताल कर रही है। इनमें संतोष सिंह हत्याकांड समेत एसके पुरी, बुद्धा कॉलोनी और आरा में दर्ज मामलों की जानकारी भी शामिल है। पुलिस राहुल साहनी के पूर्व ठिकानों और उसके संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना में शामिल अन्य शूटरों और सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
इस स्टोरी फोल्डर में :
बाइट - ममता कल्याणी, सिटीएसपी सेन्ट्रल
Caption : पटना में पूर्व वार्ड पार्षद अनिल यादव पर गोलीकांड में चार आरोपी गिरफ्तार हुए। पुलिस के अनुसार, चुनावी रंजिश में साजिश रची गई थी। अन्य शूटरों की तलाश जारी है।