व्यापार

अररिया-गलगलिया रेल लाइन पर 'रेन कट' से पटरी धंसी:4,410 करोड़ की लागत से एक साल पहले बनी थी, स्थानीय लोगों को रेल हादसे की आशंका

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 18 सितंबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
अररिया-गलगलिया रेल लाइन पर 'रेन कट' से पटरी धंसी:4,410 करोड़ की लागत से एक साल पहले बनी थी, स्थानीय लोगों को रेल हादसे की आशंका

अररिया-गलगलिया नई रेल लाइन के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठ गए हैं। यह लाइन महज एक साल पहले 4,410 करोड़ रुपये की लागत से शुरू हुई थी। पहली ही बारिश में इसके निर्माण को लेकर चिंताएं सामने आई हैं। अररिया-कटिहार रेलखंड पर अररिया कोर्ट के हृदयपुर वार्ड संख्या 7 में बीआर-5 पुल के पास मिट्टी का कटाव हुआ है।

पुल के एंबैंकमेंट और सपोर्टर से मिट्टी बह गई है। इससे पटरी से करीब दो हाथ की दूरी पर गहरे 'रेन कट' बन गए हैं। पुल की कैपलिंग में भी दरारें आ गई हैं। स्थानीय लोगों को रेल हादसे की आशंका पटरी के नीचे और आसपास की मिट्टी खिसकने से स्थानीय लोगों को बड़े रेल हादसे की आशंका है। उनका कहना है कि इतने बड़े बजट की परियोजना में सामान्य बारिश से हुआ यह नुकसान निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाता है।

स्थानीय निवासी अमित साह और भूपेन यादव ने बताया कि एक साल में ही पुल की कैपलिंग में दरारें आना और मिट्टी बहना खराब निर्माण का नतीजा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर तुरंत मरम्मत नहीं हुई, तो ट्रेन गुजरते समय पुल का ढांचा धंस सकता है। मौके से आई तस्वीरें....

प्रशासन से तुरंत कार्रवाई करने की मांग वार्ड संख्या 7 के पार्षद श्याम कुमार मंडल ने रेलवे प्रशासन से तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पटरी से मात्र दो हाथ दूर इतने बड़े रेन कट किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। निर्माण कार्य से जुड़े तकनीकी जानकारों के अनुसार, रेल पुल के एंबैंकमेंट या सपोर्टर से मिट्टी का कटाव पूरे स्ट्रक्चर की भार सहने की शक्ति को कम कर देता है।

मिट्टी हटने से पुल के सपोर्टर पर असमान दबाव पड़ता है, जिससे कैपलिंग टूट सकती है। रेन कट के कारण ट्रेन की तेज गति और कंपन से ट्रैक अचानक नीचे धंसने का खतरा रहता है। उद्घाटन के महज एक साल के भीतर सामान्य बारिश में ऐसा कटाव साफ दिखाता है कि सॉयल टेस्टिंग और कंपैक्शन में भारी लापरवाही बरती गई है।

मरम्मत कार्य जल्द होगा शुरू स्थानीय लोग अररिया-गलगलिया रेलखंड के सभी पुलों और एंबैंकमेंट का सेफ्टी ऑडिट कराने,घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार ठेकेदारों और दोषी रेल अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने और महज खानापूर्ति के बजाय कंक्रीट और रोड़ी से स्थाई व मजबूत एंबैंकमेंट का निर्माण कराने की मांग की है।

वहीं मामले को लेकर अररिया-कटिहार रेलखंड के डीसीएम अनूप सिंह ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। जल्द ही प्रभावित स्थल का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य शुरू करा दिया जाएगा।"

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।