असम में किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
03 नवंबर, नई दिल्ली: असम में किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए किसान प्रोड्यूसर कंपनियों यानी एफपीसी की संख्या दोगुनी करने की तैयारी है। राज्य के कृषि मंत्री पिजुष हजारिका ने अधिकारियों को इस दिशा में काम करने का निर्देश दिया है। उन्होंने फसल विविधीकरण और किसानों को बाजार से बेहतर तरीके से जोड़ने पर भी जोर दिया।
गुवाहाटी के खानापारा स्थित कृषि भवन में समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने मखाना, खाद्य तेल, पाम और दलहन मिशन की प्रगति का जायजा लिया। बराक घाटी में प्रस्तावित राजमाह मिशन की भी समीक्षा की गई। हजारिका ने धान की पारंपरिक खेती के साथ मखाना, अगरवुड, नारियल, ड्रैगन फ्रूट और बागवानी फसलों को बढ़ावा देने की जरूरत बताई।
उन्होंने योजनाओं को समय पर लागू करने और किसानों तक उनका लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। वहीं, आलू की खेती बढ़ाने और नलबाड़ी स्थित प्लांट के साथ किसानों की भागीदारी मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। फिलहाल इस प्लांट से करीब 1,200 आलू किसान जुड़े हैं। मंत्री ने बेहतर बाजार संपर्क के जरिए इस दायरे को बढ़ाने और आलू उत्पादकों की आय सुधारने पर जोर दिया।
फाइल फोटो