औरंगाबाद में घर में लगी आग, दो की मौत; युवती गंभीर रूप से झुलसी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
Marking : Lead All
औरंगाबाद में घर में लगी आग, दो की मौत; युवती गंभीर रूप से झुलसी
औरंगाबाद के कसमा थाना क्षेत्र में घर में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय युवती गंभीर रूप से झुलस गई। पुलिस आग के कारणों की जांच कर रही है।
26 सितंबर , कासमा (औरंगाबाद, बिहार) : जिले के कासमा थाना क्षेत्र के मियांबिगहा गांव में शनिवार तड़के एक घर में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कासमा थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान मियांबिगहा निवासी 50 वर्षीय मोहम्मद सलीम और गया जिले के गुरारू थाना क्षेत्र के बुधपुर गांव निवासी 18 वर्षीय आफरीन परवीन के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में फूफा-भतीजी थे। घटना में आफरीन की 16 वर्षीय बहन चांदनी परवीन भी गंभीर रूप से झुलस गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गया रेफर किया गया है।
बताया गया कि आफरीन और चांदनी पिछले करीब पांच-छह वर्षों से मियांबिगहा स्थित अपनी फुआ के घर रह रही थीं। घटना के समय दोनों बहनें घर में मौजूद थीं। आग लगने के बाद आसपास के लोगों ने बचाव का प्रयास किया और इसकी सूचना पुलिस तथा अग्निशमन विभाग को दी।
स्थानीय ग्रामीण शदाब आलम के अनुसार, मोहम्मद सलीम और उनके बड़े पुत्र इश्तेखार के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इसी विवाद के चलते घर में आग लगाए जाने की आशंका है। हालांकि, आग जानबूझकर लगाई गई या किसी अन्य कारण से घटना हुई, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आदित्य कुमार, रफीगंज सर्किल इंस्पेक्टर विनय कृष्ण प्रसाद और कासमा थानाध्यक्ष रुपेश कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली।
एसडीपीओ आदित्य कुमार ने घटना में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। आग लगने के वास्तविक कारण और घटना में किसी की संलिप्तता की जांच की जा रही है।
इस स्टोरी फोल्डर में :
वीडियो
Caption :औरंगाबाद के कसमा थाना क्षेत्र में घर में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 16 वर्षीय युवती गंभीर रूप से झुलस गई। पुलिस आग के कारणों की जांच कर रही है।