अयोध्या में सीएम योगी ने किए रामलला और हनुमानगढ़ी के दर्शन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
नवंबर 08, नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में हनुमानगढ़ी और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। अयोध्या में 10वें दीपोत्सव-2026 के भव्य आयोजन के अगले दिन मुख्यमंत्री ने हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान संतों और पुजारियों ने जय श्रीराम के उद्घोष के साथ उनका स्वागत किया।
हनुमानगढ़ी में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री श्रीराम जन्मभूमि परिसर पहुंचे। यहां उन्होंने रामलला के दर्शन किए, आरती उतारी और मंदिर की परिक्रमा की। इसके बाद राम दरबार में भी पूजा-अर्चना कर प्रदेश की निरंतर प्रगति और जनकल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री शनिवार से ही अयोध्या के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं भी दीं और सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जो लोग पहले राम मंदिर आंदोलन के खिलाफ अदालतों में पैरवी करते थे, वही आज अयोध्या धाम को दूसरे तरीके से बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने इसे वोट बैंक की राजनीति बताते हुए कहा कि ऐसी राजनीति को बेनकाब करने की जरूरत है।