बच्चों से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री बेचने वाले पर केस:साइबर पुलिस ने इंटरनेट पर निगरानी के दौरान पकड़ा मामला, दाम पर बेच रहा था सामग्री
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →चित्रकूट में सोशल मीडिया और इंटरनेट पर बच्चों से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री खोजने, डाउनलोड करने और बेचने वालों के खिलाफ चित्रकूट पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। साइबर थाना पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद एक संदिग्ध के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से बाल शोषण और दुर्व्यवहार से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री महंगे दाम पर बेच रहा था।
मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देश पर महिलाओं और बच्चों से जुड़े साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए अभियान चल रहा है। इसी के तहत साइबर सेल और साइबर थाना की टीम इंटरनेट और सोशल मीडिया पर संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी कर रही थी। जांच के दौरान सामग्री बेचने का मामला सामने आया, जिसके बाद संदिग्ध की पहचान कर उसके खिलाफ साइबर थाने में केस दर्ज किया गया।
इंटरनेट पर निगरानी के दौरान सामने आया मामला साइबर सेल और साइबर थाना की टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और इंटरनेट पर संदिग्ध गतिविधियों की लगातार निगरानी कर रही है। इसी दौरान बच्चों के शोषण और दुर्व्यवहार से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री बेचने की जानकारी मिली। शुरुआती जांच में संदिग्ध की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई है।
देखना और डाउनलोड करना भी गंभीर अपराध पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बच्चों से जुड़ी अश्लील या आपत्तिजनक सामग्री को देखना, डाउनलोड करना, मोबाइल या किसी अन्य डिवाइस में सेव करना, शेयर करना या फॉरवर्ड करना गंभीर अपराध है। ऐसी सामग्री सामने आने पर लोग उसे किसी दूसरे व्यक्ति को भेजने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें।
व्हाट्सऐप ग्रुप और वेबसाइट पर भी रखें नजर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया, व्हाट्सऐप ग्रुप या किसी वेबसाइट पर ऐसी सामग्री दिखाई दे तो उसे शेयर या फॉरवर्ड न करें। साइबर अपराध की शिकायत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या साइबर क्राइम पोर्टल पर की जा सकती है। पुलिस ने बताया कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
बच्चों को सुरक्षित इंटरनेट इस्तेमाल की जानकारी दें पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों को इंटरनेट और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में जागरूक करने की अपील की है। साथ ही उनके सोशल मीडिया अकाउंट और ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने को कहा है। अगर कोई अनजान व्यक्ति बच्चों से जुड़ी आपत्तिजनक सामग्री भेजता है या ऐसी सामग्री के लिए संपर्क करता है तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
📡 स्रोत: NewsData.io