खेल

बद्धाघाट में 3.5 करोड़ रुपये से बनेगा फुटबॉल मैदान, मिलेंगी बेहतर खेल सुविधाएं: राजेश धर्माणी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 15 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
बद्धाघाट में 3.5 करोड़ रुपये से बनेगा फुटबॉल मैदान, मिलेंगी बेहतर खेल सुविधाएं: राजेश धर्माणी

चुवाड़ी स्कूल के बच्चों के लिए आयोजित किया जाएगा दो दिवसीय कुल्लू-मनाली शैक्षणिक भ्रमण

अक्तूबर 15,बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश): नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि विद्यार्थियों को जीवन में अपना लक्ष्य निर्धारित करने के साथ-साथ एक रोल मॉडल भी चुनना चाहिए, ताकि वे अपने भविष्य की दिशा तय कर सकें और उसे प्राप्त करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ सकें।

राजेश धर्माणी आज घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय उच्च पाठशाला चुवाड़ी तथा टकरेड़ा में विद्यार्थियों के साथ आयोजित संवाद सत्र के दौरान बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि समय का सदुपयोग, अनुशासन और निरंतर मेहनत सफलता की राह को आसान बनाते हैं। विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर नवाचार, अनुसंधान और नए कौशल सीखने की दिशा में भी प्रयास करना चाहिए, जिससे उनकी प्रतिभा निखरेगी और वे भविष्य में देश एवं प्रदेश की आर्थिक प्रगति में योगदान दे सकेंगे।

उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन और अनुशासन के साथ-साथ सांस्कृतिक, खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों तथा कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने के लिए भी प्रेरित किया। संवाद सत्र के दौरान तकनीकी शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों से उनकी पसंद के खेलों के बारे में जानकारी ली।

विद्यार्थियों ने फुटबॉल में रुचि व्यक्त करने पर उन्होंने कहा कि घुमारवीं के बद्धाघाट में लगभग 3.5 करोड़ रुपये की लागत से फुटबॉल मैदान का निर्माण किया जा रहा है। इस मैदान के बनने से क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को फुटबॉल खेलने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा स्थानीय खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने और आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।

विद्यार्थियों के लिए दो दिवसीय कुल्लू-मनाली तथा बाघा बार्डर, गोल्डन टैंपल शैक्षणिक भ्रमण की होगी व्यवस्था संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने तकनीकी शिक्षा मंत्री के समक्ष शैक्षणिक भ्रमण पर जाने की इच्छा व्यक्त की। इस पर राजेश धर्माणी ने कहा कि चुवाड़ी स्कूल के बच्चों के लिए दो दिवसीय कुल्लू-मनाली जबकि टकरेड़ा स्कूल के विद्यार्थियों के लिए बाघा बार्डर, गोल्डन टेंपल तथा जलियांवाला बाग अमृतसर का शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा और उनके ज्ञान का दायरा भी बढ़ेगा। धर्माणी ने विद्यार्थियों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए अपनी दिनचर्या में व्यायाम, खेलकूद और मेडिटेशन को शामिल करने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि सुबह जल्दी उठने, नियमित व्यायाम करने और संतुलित आहार अपनाने से शरीर स्वस्थ रहता है तथा कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को हरी सब्जियां और पौष्टिक भोजन खाने, फास्ट फूड से दूरी बनाए रखने तथा पैकेटबंद खाद्य पदार्थों का सेवन कम करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को क्रोध और इष्र्या जैसी नकारात्मक भावनाओं से दूर रहकर सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन समाचार पत्रों की सुर्खियां और पत्रिकाएं पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए भी प्रेरित किया। इससे विद्यार्थियों को देश-दुनिया में होने वाली घटनाओं की जानकारी मिलेगी और सामान्य ज्ञान में भी वृद्धि होगी।

उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, प्रभावी संवाद कौशल और मंच पर बोलने का आत्मविश्वास विकसित करने पर विशेष ध्यान देने को भी कहा। उन्होंने विद्यालय में कम्युनिकेशन क्लब स्थापित करने पर बल देते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों को अपने विचार व्यक्त करने और मंच पर बोलने का नियमित अवसर मिलेगा।

उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और अन्य रचनात्मक कार्यों में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया, ताकि उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास हो सके। तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक बनना, सही निर्णय लेना और समाज एवं देश के विकास में सकारात्मक योगदान देना भी है।

विद्यार्थियों को जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए और अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।