बद्रीनाथ में आज से ‘देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव’ शुरू
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
19 सितम्बर 2026, चमोली: बद्रीनाथ में आज से दो दिवसीय देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव-2026 का आयोजन किया जा रहा है। भारतीय सेना और जिला प्रशासन, चमोली के संयुक्त तत्वावधान में ऑपरेशन सद्भावना के तहत टूरिस्ट अराइवल प्लाजा में आयोजित होने वाले इस महोत्सव की थीम ‘हमारी विरासत, हमारा भविष्य’ रखी गई है।
दो दिवसीय महोत्सव का उद्देश्य उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ सीमांत पर्यटन को बढ़ावा देना और स्थानीय कला एवं संस्कृति को राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है। इसके अलावा महिला सशक्तिकरण, स्थानीय उद्यमिता और सीमांत क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जाएगा।
महोत्सव में गढ़वाली लोकनृत्य और लोकसंगीत के साथ विद्यालयों और महाविद्यालयों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। स्थानीय हस्तशिल्प, हथकरघा और जैविक उत्पादों के साथ पारंपरिक व्यंजन, महिला स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल और स्थानीय उद्यमियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। भारतीय सेना की ओर से राष्ट्र निर्माण, सीमाओं की सुरक्षा और आपदा राहत में सेना की भूमिका पर विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।
संलग्न_ फोटो