राज्य

बैंक हड़ताल स्थगित, 5 दिवसीय बैंकिंग सप्ताह पर बनेगी उच्चस्तरीय समिति

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 28 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
बैंक हड़ताल स्थगित, 5 दिवसीय बैंकिंग सप्ताह पर बनेगी उच्चस्तरीय समिति

सितंबर 28, नई दिल्ली: आज से प्रस्तावित बैंक कर्मचारियों की तीन दिन की हड़ताल फिलहाल टाल दी गई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के बीच कल रात हुई बैठक में तमाम लंबित मुद्दों पर विचार-विमर्श के बाद आंदोलन और हड़ताल को स्थगित करने पर सहमति बनी।

यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के मुताबिक, रविवार रात करीब 9:30 बजे आईबीए और यूएफबीयू के प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई। बैठक में तय किया गया कि बैंकों में हर शनिवार को भी अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर विचार के लिए उच्चस्तरीय समिति तत्काल गठित की जाएगी। ये समिति पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह से जुड़े सभी संभावित विकल्पों पर विचार करेगी।

इसके साथ ही विभिन्न हितधारकों से चर्चा कर ऐसा समाधान निकालने की कोशिश होगी जिसके कारण कर्मचारियों और अन्य पक्षों के साथ-साथ बैंक ग्राहकों को भी दिक्कत न हो। इसके अलावा स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों से जुड़े परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) योजना का मुद्दा भी उठा। सहमति के मुताबिक, इस योजना को लेकर आईबीए के साथ आगे चर्चा की जा सकती है, ताकि यूनियन और एसोसिएशन की आपत्तियों और सुझावों को ध्यान में रखते हुए योजना में जरूरी बदलाव के लिए सरकार के समक्ष प्रस्ताव रखा जा सके।

इसके अलावा 8 मार्च 2024 के मिनट्स में दर्ज बाकी लंबित मुद्दों पर भी दोनों पक्षों के बीच बातचीत होगी और उनका जल्द समाधान निकालने की कोशिश होगी।

FILE PHOTO

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।