बैतूल बाजार में ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण, केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके रहे मौजूद
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
बैतूल बाजार। रविवार को भवानी मोहल्ला के सामने ग्रामीणों, कृषकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया। कार्यक्रम में भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के राज्य मंत्री दुर्गादास उईके और मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहन नागर मौजूद रहे।
केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उईके ने कहा कि ‘मन की बात’ देशभर की प्रतिभाओं, नवाचारों और समाज एवं राष्ट्रहित में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों की प्रेरक कहानियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी मंच है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में साझा किए जाने वाले सकारात्मक प्रयासों से प्रेरणा लेकर नागरिकों को समाज और राष्ट्रहित में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने ‘मन की बात’ में सामने आने वाले स्वच्छता, सांस्कृतिक विरासत और जनभागीदारी से जुड़े संदेशों का भी उल्लेख किया। इस अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठ और प्रगतिशील किसानों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।