अपराध

बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 4 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने बाल विवाह, बाल श्रम और बाल शोषण के प्रति किया जागरूक, पोस्टर बनाकर दिया सुरक्षित बचपन का संदेश

चित्तौड़गढ़, 3 अक्टूबर। गांधी जयंती के अवसर पर जिला बाल संरक्षण इकाई एवं बाल अधिकारिता विभाग, चित्तौड़गढ़ के तत्वावधान में कन्नोज विद्यालय में बाल संरक्षण एवं बाल अधिकारों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

सहायक निदेशक ओम प्रकाश तोषनीवाल के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने विद्यार्थियों को बाल अधिकार, बाल सुरक्षा, बाल विवाह, बाल श्रम, बाल शोषण, बाल तस्करी और बच्चों के साथ होने वाली हिंसा जैसे विषयों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार की हिंसा, शोषण या असुरक्षा की स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से सहायता ली जा सकती है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने बाल अधिकार एवं संरक्षण से जुड़े जागरूकता पोस्टर तैयार किए। पोस्टरों के जरिए बाल विवाह रोकने, बाल श्रम से बचाव, शिक्षा के अधिकार और बच्चों की सुरक्षा का संदेश दिया गया।

चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी कठिन परिस्थिति में चुप नहीं रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही गांधीजी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, समानता और सामाजिक जिम्मेदारी के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन जिला समन्वयक नवीन किशोर काकड़दा, काउंसलर करण जीनवाल, केस वर्कर आशीष कुमार आर्य, गायत्री सेवा संस्थान से अब्दुल वाहिद एवं शोभा गर्ग, विद्यालय प्रिंसिपल नरेंद्र सिंह सहित शिक्षक मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए “सुरक्षित बचपन, खुशहाल बचपन” का संदेश दिया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।