अपराध

बालाघाट- कलेक्टर-एसपी ने थोक पटाखा विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का किया आकस्मिक निरीक्षण

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 22 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
बालाघाट- कलेक्टर-एसपी ने थोक पटाखा विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का किया आकस्मिक निरीक्षण

कलेक्टर आदित्य सिंह एवं पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने बैहर बायपास रोड स्थित पटाखा एंड पटाखा तथा विजय वाधवानी की पटाखा दुकान का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस की वैधता और लाइसेंस में निर्धारित शर्तों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। अधिकारियों ने दुकानों में उपलब्ध पटाखों के स्टॉक, भंडारण क्षमता तथा निर्धारित क्षमता के अनुरूप पटाखों के भंडारण की अनुमति से संबंधित जानकारी भी ली।

इसके साथ ही, अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए लगाए गए फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशील स्थिति की जांच की गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सुरक्षा उपाय किए जा सकें।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर आदित्य सिंह ने पटाखा दुकानों के संचालकों को निर्देशित किया कि वे अपने प्रतिष्ठानों में लाइसेंस की सभी शर्तों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पटाखों के भंडारण एवं विक्रय के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी नहीं की जाए और अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक इंतजाम हमेशा तैयार रखें।

कलेक्टर ने दुकानों में रेत से भरी बाल्टियां, पानी तथा अग्निशामक यंत्र पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी अग्नि सुरक्षा उपकरण हर समय कार्यशील स्थिति में होने चाहिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका तत्काल उपयोग किया जा सके। साथ ही, अग्निशामक यंत्रों की वैधता एवं क्रियाशीलता की तिथि पर विशेष ध्यान देने के लिए भी कहा गया।

कलेक्टर श्री सिंह ने दोनों पटाखा दुकान संचालकों को निर्देश दिए कि वे नियमित अंतराल पर थर्ड पार्टी के माध्यम से फायर सेफ्टी ऑडिट कराएं। इससे प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का आकलन किया जा सकेगा और आवश्यक कमियों को समय रहते दूर किया जा सकेगा। उन्होंने पटाखों के भंडारण और विक्रय के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी संभावित अग्नि दुर्घटना को रोकने के लिए निर्धारित सुरक्षा उपायों का गंभीरता से पालन करने पर जोर दिया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।