बालाघाट- केवलारी में जल अर्पण दिवस मनाया, पंचायत को सौंपी नल-जल योजना
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों ने जल संरक्षण के नारों के साथ प्रभात फेरी निकाली। इसके बाद जल स्रोतों की पूजा-अर्चना कर जल वंदना की गई तथा नल-जल योजना की संरचनाओं का जल श्रृंगार किया गया। उपस्थित ग्रामीणों को पानी की प्रत्येक बूंद बचाने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और पानी का अपव्यय रोकने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम सरपंच बोधन सिंह मरकाम ने कहा कि शुद्ध पेयजल प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। नल-जल योजना से ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार होगा। उन्होंने ग्रामीणों से योजना को अपनी संपत्ति समझकर उसकी देखरेख और नियमित संचालन में सहयोग करने की अपील की। ग्राम पंचायत सचिव दुर्गा डेविड शरणागत ने जल का अपव्यय रोकने, नियमित रूप से जलकर जमा करने तथा योजना के रखरखाव में सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की बात कही।
इस अवसर पर ग्रामीणों को नल-जल योजना के तकनीकी पहलुओं तथा उसके संचालन एवं रखरखाव की जानकारी भी दी गई। योजना का संचालन ग्राम पंचायत और स्थानीय समुदाय को सौंपे जाने पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रति आभार जताया।