बालाघाट- खेत बचाओ अभियान एवं रिफार्म उत्सव में किसानों को दी गई उन्नत खेती की जानकारी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
उप संचालक कृषि फूल सिंह मालवीय ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को खेती की उन्नत तकनीकों से अवगत कराना तथा पर्यावरण संरक्षण के साथ कृषि लागत कम करने के लिए प्रोत्साहित करना है। किसानों को फसल कटाई के बाद खेतों में पराली नहीं जलाने तथा उसके उचित प्रबंधन के लिए उपलब्ध कृषि यंत्रों का उपयोग करने की समझाइश दी गई।
कार्यक्रम में संतुलित उर्वरक उपयोग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि मिट्टी की आवश्यकता के अनुसार खाद एवं उर्वरकों का उपयोग करने से मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और फसल उत्पादन में सुधार करने में मदद मिलती है। साथ ही जैविक खेती को अपनाने, जैविक खाद के उपयोग तथा कृषि में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के बारे में जानकारी दी गई।
किसानों को रबी सीजन की तैयारी, उपयुक्त फसलों के चयन, उन्नत बीजों की उपलब्धता एवं कृषि यंत्रों के उपयोग के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया। कृषि विभाग द्वारा किसानों से अपील की गई कि वे वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों को अपनाएं तथा नरवाई जलाने से बचते हुए पराली का उचित प्रबंधन करें। इस कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को टिकाऊ खेती, मिट्टी की सेहत में सुधार और कृषि लागत कम करने के उपायों के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।