बालोतरा में ‘आंगन मिलन’, कार्यकर्ताओं का सम्मान
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
बालोतरा में विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग ने ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सम्मानित कर पोषण, स्वास्थ्य व सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।
बालोतरा, 25 सितम्बर। जिले में विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों पर संचालित विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा करने के साथ कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं को लेकर चर्चा की गई। पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी जानकारी साझा की गई। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को सम्मानित किया गया। सम्मान मिलने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर भुवनेश्वर सिंह ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरकार की विभिन्न योजनाओं को गांव और ढाणी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने, नियमित गतिविधियों को बेहतर बनाने तथा पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा आमजन के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने पर भी जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर रंगोली, चित्रकला, कहानी-कविता पाठन, लाभार्थियों से संवाद और अनुभव साझा करने जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।
इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और नए पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण करने की गतिविधियां भी हुईं। ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों और परिवारों से जुड़ी सेवाओं का प्रभावी माध्यम बनाने तथा विभागीय योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
बाइट- भगवती ( आंगनवाड़ी कार्यकर्ता)
बाइट- कल्पना (आंगनबाड़ी सहायिका) बाइट- सरस्वती (आंगनबाड़ी कार्यकर्ता)