विदेश

बांग्लादेश में यूनुस सरकार के खिलाफ बढ़ा आक्रोश? 15 दिन में 100 बैंक शाखाओं को बनाया निशाना

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 26 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
बांग्लादेश में यूनुस सरकार के खिलाफ बढ़ा आक्रोश? 15 दिन में 100 बैंक शाखाओं को बनाया निशाना

बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की संभावित वापसी को लेकर सियासी माहौल एक बार फिर गर्म हो गया है.

राजनीतिक तनाव के बीच नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस द्वारा स्थापित ग्रामीण बैंक को लगातार निशाना बनाया जा रहा है. बैंक की शाखाओं और कार्यालयों में आगजनी तथा हमले की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं.

बैंक की 24 नवंबर की आंतरिक रिपोर्ट के मुताबिक, 10 नवंबर से अब तक ऐसी 100 घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं.

दो सप्ताह में बढ़कर 100 हुईं हमले की घटनाएं ग्रामीण बैंक के इंटरनल ऑडिट एंड कंप्लायंस डिवीजन की रिपोर्ट में देशभर की शाखाओं और कार्यालयों पर हुए हमलों का ब्योरा दिया गया है.

इसमें आगजनी के साथ उन घटनाओं को भी शामिल किया गया है, जिनमें हमले की कोशिश हुई, लेकिन ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा. 23 नवंबर की रिपोर्ट में ऐसी 97 घटनाएं दर्ज थीं। महज एक दिन बाद इनकी संख्या बढ़कर 100 हो गई.

तुंगीपाड़ा की पटगाती शाखा भी हमलावरों के निशाने पर रही, जहां 10 और 15 नवंबर को दो बार हमला किया गया.

पेट्रोल बम से शाखाओं को बनाया निशाना हालिया घटनाओं में लालमोनिरहाट और तंगैल की ग्रामीण बैंक शाखाओं पर पेट्रोल बम फेंके गए.

मंगलवार तड़के करीब 2:45 बजे लालमोनिरहाट की पटग्राम शाखा के बरामदे में पेट्रोल बम फेंका गया. उस समय नाइट गार्ड और शाखा प्रबंधक ने शोर मचाया तो हमलावर मौके से भाग निकले.

इस घटना में बड़ा नुकसान नहीं हुआ, हालांकि एक हैलोजन लाइट कुछ समय के लिए बंद हो गई. इसी तरह तंगैल के गोपालपुर स्थित शशनपुर शाखा को भी निशाना बनाया गया.

यहां रात करीब 2 बजे पेट्रोल बम फेंका गया, जिससे बैंक का साइनबोर्ड क्षतिग्रस्त हो गया.

बैंक के रिकॉर्ड और जरूरी सामान भी जलाए हमलों का असर बैंक के कामकाज पर भी पड़ रहा है. गोपालगंज की उलपुर शाखा में 15 नवंबर को आगजनी की घटना हुई थी. इसमें कलेक्शन शीट जल गई और एक मेज को नुकसान पहुंचा.

हमलावरों ने सीसीटीवी उपकरण भी तोड़ दिए और एक हार्ड डिस्क अपने साथ ले गए.

वहीं, 23 नवंबर को नोआखली की केरोआ रायपुर शाखा के मुख्य दरवाजे के पास पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की गई.

हालांकि, नाइट गार्ड और चपरासी ने समय रहते आग बुझा दी। बाद में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की और एक आरोपी को गिरफ्तार किया. 40 बोरे दस्तावेज ले जाकर जला दिए 18 नवंबर को गोपालगंज की काशियानी शाखा पर हुआ हमला काफी गंभीर था.

शाखा प्रबंधक सोलेमान मोरोल के मुताबिक, करीब 12 लोग धारदार हथियार, पेट्रोल और ताले तोड़ने के औजार लेकर कार्यालय पहुंचे थे. उन्होंने बैंक में लूटपाट की और ग्राइंडर की मदद से तिजोरी काटने की कोशिश की.

मोरोल ने बताया कि हमलावर वाउचर और दूसरे जरूरी दस्तावेजों से भरे करीब 40 बोरे अपने साथ ले गए और उन्हें आग के हवाले कर दिया. इसके अलावा कार्यालय का फर्नीचर और कई उपकरण भी चोरी कर लिए गए.

इस घटना के बाद से शाखा का कामकाज पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया है.

कर्मचारियों को धमकियां मिल रही हैं और ग्राहकों को अपनी जमा पूंजी तथा लोन से जुड़े रिकॉर्ड की चिंता सता रही है.

शाखा प्रबंधक के अनुसार, हमलावरों का कहना था कि दस्तावेज नष्ट होने से कर्ज लेने वालों को अपना लोन नहीं चुकाना पड़ेगा.

यूनुस ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मांगी मदद लगातार हो रही आगजनी और हमलों के बीच मुहम्मद यूनुस ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से हस्तक्षेप की अपील की है.

उन्होंने ग्रामीण बैंक के खिलाफ चल रही घटनाओं को सोची-समझी आगजनी और आतंक की मुहिम बताया है.

यूनुस का आरोप है कि नवंबर की शुरुआत से लगभग हर दिन पेट्रोल बम से हमले हो रहे हैं.

इन घटनाओं के दौरान शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के समर्थन में नारे भी लगाए जाते हैं. 1.1 करोड़ लोगों से जुड़ा है ग्रामीण बैंक ग्रामीण बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, संस्थान में करीब 21 हजार कर्मचारी काम करते हैं और लगभग 1.1 करोड़ लोग इससे जुड़े हुए हैं.

इनमें ज्यादातर ग्रामीण महिलाएं हैं। बैंक में 90 फीसदी हिस्सेदारी कर्ज लेने वाले सदस्यों की है.

ऐसे में शाखाओं पर हमलों और दस्तावेजों के नष्ट होने से लाखों परिवारों की बचत और कर्ज से जुड़े रिकॉर्ड प्रभावित होने की आशंका है.

मानवाधिकार संगठनों ने भी इन घटनाओं पर चिंता जताई है और इसे ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक अधिकारों के लिए बड़ा खतरा बताया है.

आठ मामले दर्ज, आठ आरोपी गिरफ्तार बांग्लादेश पुलिस मुख्यालय के मुताबिक, ग्रामीण बैंक पर हुए हमलों के सिलसिले में अब तक आठ मामले दर्ज किए गए हैं और आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

बैंक के प्रबंध निदेशक सरदर अख्तर हामिद ने बताया कि पुलिस की ओर से संभावित हमलों को लेकर कई बार अलर्ट जारी किया गया है.

इसके बावजूद कर्मचारियों को अपनी सुरक्षा के लिए काफी हद तक खुद ही इंतजाम करने पड़ रहे हैं.

बांग्लादेश में जारी राजनीतिक खींचतान के बीच ग्रामीण बैंक पर हो रहे हमलों ने सुरक्षा व्यवस्था और आम लोगों की आर्थिक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।