Bank Strike News: बड़ी राहत! 3 दिन की बैंक हड़ताल स्थगित, IBA और UFBU की बैठक के बाद फैसला
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
Bank Strike Update: देश के सरकारी बैंकों के कर्मचारी संगठनों ने 28 सितंबर से होने वाली तीन दिन की हड़ताल को टाल दिया है.
सप्ताह में 5 दिन काम सहित कई मांगोंं पर भारतीय बैंक संघ (IBA) से मिले आश्वासन के बाद यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने तीन दिन के लिए होने वाली देशव्यापी बैंक हड़ताल को रविवार को स्थगित कर दिया.
हड़ताल स्थगित होने के बाद सोमवार से बैंकों में सामान्य रूप से कामकाज होगा. यूएफबीयू ने सोमवार से शुरू होने वाली इस हड़ताल का आह्वान किया था. यह आंदोलन बैंकिंग क्षेत्र की छमाही लेखाबंदी के दौरान प्रस्तावित था.
यूएफबीयू ने अपने बयान में कहा कि बाकी शनिवार को अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर विचार-विमर्श के लिए आईबीए और यूएफबीयू की एक उच्चस्तरीय समिति का तत्काल गठन किया जाएगा.
पीएलआई योजना को लेकर भी आईबीए के साथ हो सकती है बातचीत यूएफबीयू ने अपने बयान में आगे कहा कि समिति सभी संभावित विकल्पों पर विचार करने के साथ सभी हितधारकों से चर्चा करेगी और ऐसा समाधान निकालने का प्रयास करेगी, जो विशेष रूप से ग्राहकों समेत सभी पक्षों को स्वीकार्य हो.
बयान के अनुसार, स्केल-चार और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए प्रदर्शन से जुड़ी प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना को लेकर भी आईबीए के साथ बातचीत शुरू की जा सकती है.
यूनियन और बैंक अधिकारियों के संघों की आपत्तियों को दूर करने के लिए योजना में बदलाव का प्रस्ताव सरकार के समक्ष रखने की संभावना है.
यूएफबीयू ने कहा कि आईबीए की ओर से मिले आश्वासनों को देखते हुए उसने प्रस्तावित आंदोलन और हड़ताल को स्थगित करने पर सहमति जताई है. अभी हर महीने बैंक कर्मचारियों को कितनी छुट्टी मिलती है?
बता दें कि अभी बैंकों में हर महीने 4 रविवार के साथ 2 शनिवार भी अवकाश मिलता है, लेकिन कर्मचारियों की डिमांड है कि बचे दोनों शनिवार को भी ऑफ दिया जाए और 5 वर्किंग डे का प्रावधान लागू किया जाए.
इसी मांग को लेकर हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया गया था, लेकिन 28 सितंबर को इसकी शुरुआत से पहले ही कर्मचारी संगठनों और बैंकिंग संगठन के बीच बातचीत में सहमति बन गई.
माना जा रहा है कि जल्द ही कर्मचारियों का ऑफ 2 दिन और बढ़ाने का फैसला किया जा सकता है.
📡 स्रोत: NewsData.io