देश

बांके बिहारी मंदिर हाई पावर कमेटी की हुई बैठक:व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर हुआ मंथन, प्रसाद से लेकर AC लगाने तक हुई चर्चा

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 15 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
बांके बिहारी मंदिर हाई पावर कमेटी की हुई बैठक:व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर हुआ मंथन, प्रसाद से लेकर AC लगाने तक हुई चर्चा

सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित बांके बिहारी मंदिर हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी की 20 वीं बैठक बुधवार देर शाम कमेटी के लक्ष्मण शहीद स्मारक स्थित कार्यालय पर हुई। कमेटी के अध्यक्ष रिटायर्ड न्यायधीश अशोक कुमार की अध्यक्षता में हुई मीटिंग में 16 मुद्दों पर चर्चा की गई। जिसमें व्यवस्थाओं में सुधार लाने से लेकर प्रसाद और मंदिर में सेंट्रल AC लगाने को लेकर मंथन किया गया।

करीब 2 घंटे तक चली बैठक में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने पर विशेष मंथन किया गया। मंदिर के आसपास बिकने वाले खाद्य पदार्थ की सैंपलिंग पर बनी सहमति ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर की उच्चाधिकार प्राप्त प्रबन्ध समिति की बैठक में सबसे पहले मन्दिर के प्रसाद और आसपास प्रसाद के रूप में बिक्री होने वाले खाद्य पदार्थो की शुद्धता के लिए नियमित रूप से सेंपलिंग किए जाने पर सहमति जताई गई।

इसके बाद श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मन्दिर परिसर को सेंट्रलाइज AC करने के सम्बन्ध में चर्चा हुई। जिस पर राजभोग सेवायत और कमेटी के सदस्य रजत गोस्वामी ने कहा कि पिछली कई बैठक में इस बिंदु पर चर्चा हो चुकी है लेकिन अभी तक कोई परिणाम दिखाई नहीं दिए हैं। इसीलिए इस प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जाए।

जांच समिति के जवाब न देने पर जताया असंतोष बैठक में सदस्य हिमांशु गोस्वामी और रजत गोस्वामी ने कहा कि चांदी के सिंहासन, रथ और शेषनाग की जांच के लिए नामित की गई समिति द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि उक्त चांदी के सामान मन्दिर की परंपरा में शामिल नहीं है। इन्हें केवल झांकी के रूप में गोस्वामी समाज द्वारा फूल बंगला में प्रयोग किया जाता रहा है।

इसके अलावा अभी तक शिकायत करने वाले पक्ष ने भी कमेटी के सामने पेश होकर अपनी बात नहीं रखी है। लपको पर लगाया जाए अंकुश बैठक में एजेंडा के प्रस्ताव संख्या 12 बांके बिहारी मंदिर के बाहर भक्तों से छलावा करने वाले लपको पर शिकंजा कसने के मुद्दे पर विचार किया गया। चर्चा के दौरान रजत गोस्वामी ने कहा कि मन्दिर के आसपास लपकों पर अंकुश लगाना जरूरी है।

लेकिन इसके पहले कमेटी यह तय करे कि यह कृत्य करने वाले वास्तव में लपके है। क्योंकि हर तीर्थ नगरी में तीर्थ पुरोहित होते हैं। जो पारम्परिक रूप से पीढ़ी दर पीढ़ी अपने जजमानों को दर्शन कराने के साथ अन्य धार्मिक अनुष्ठान पूरे कराते हैं। इसके अलावा गोस्वामीजन की अनुपस्थिति में उनके कर्मचारी भक्तों को दर्शन कराने ले जाते हैं।

उनकी पूर्णतः पहचान के बाद ही कमेटी कोई कार्यवाही करे। जिस पर कमेटी के अध्यक्ष ने विचार करने का आश्वासन दिया है। यह रहे मौजूद बैठक के बाद कमेटी सचिव और जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने बताया कि बीसवीं बैठक में कई बिंदुओं पर आपसी सहमति से चर्चा की गई है। जिसमें श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष मंथन किया गया है।

इस दौरान कमेटी सदस्य रिटायर्ड जिला एवं सत्र न्यायधीश मुकेश मिश्रा, जिला एवं सत्र न्यायधीश विकास कुमार, सिविल जज प्रत्यूष आनंद मिश्रा, SSP श्लोक कुमार, नगर आयुक्त ओजस्वी राज, अधीक्षण ASI डॉ स्मिता एस कुमार, शैलेंद्र गोस्वामी आदि मौजूद रहे।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।